:: 31 मार्च तक चलेगा अभियान, मुख्यमंत्री की मंशानुसार सुशासन पर प्रशासन का जोर :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में संकल्प से समाधान अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुशासन और स्वराज की मंशा के अनुरूप संचालित इस अभियान के माध्यम से अब तक प्राप्त एक लाख 32 हजार से अधिक आवेदनों में से एक लाख 29 हजार 313 का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। 12 जनवरी से शुरू हुआ यह अभियान आगामी 31 मार्च तक चार चरणों में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न विभागों की 65 सेवाओं और 41 योजनाओं का लाभ सीधे पात्र नागरिकों तक पहुँचाया जा रहा है। अभियान की संपूर्ण प्रक्रिया सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से संपादित की जा रही है। वर्तमान में अभियान का द्वितीय चरण 16 मार्च तक संचालित है, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों में क्लस्टर स्तर और शहरी क्षेत्रों में जोन स्तर पर शिविर लगाकर आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है। इसके पश्चात 16 से 26 मार्च तक चलने वाले तृतीय चरण में विकासखंड और नगर स्तर पर शिविर लगेंगे, जबकि 26 से 31 मार्च के अंतिम चरण में जिला स्तर पर लंबित आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। अभियान के समापन पर जिले के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में हितलाभ वितरण और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। प्रकाश/12 मार्च 2025