राष्ट्रीय
12-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और उसके प्रमोटरों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत 313.12 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की हैं. यह कदम निर्दोष होमबायर्स के साथ हुई धोखाधड़ी के मामले में उठाया गया है. कुर्क की गई संपत्तियों में आगरा में स्थित लगभग 9.08 हेक्टेयर आवासीय जमीन के प्लॉट शामिल हैं. ईडी ने आगरा में स्थित लगभग 9.08 हेक्टेयर आवासीय जमीन के प्लॉटों को जब्त किया है. कुर्क की गई ये संपत्तियां अंसल प्रॉपर्टीज की सहयोगी कंपनियों के नाम पर दर्ज थीं. ईडी के लखनऊ जोनल ऑफिस ने यह जांच 278 अलग-अलग एफआईआर के आधार पर शुरू की थी. इन एफआईआर में कंपनी और उसके निदेशकों पर आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक साजिश और जालसाजी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. ये सभी मामले मुख्य रूप से लखनऊ के सुषांत गोल्फ सिटी प्रोजेक्ट से जुड़े हैं, जहां बड़ी संख्या में होमबायर्स ने फ्लैट बुक किए थे लेकिन उन्हें समय पर घर नहीं मिला. ईडीकी जांच में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. कंपनी ने सुशांत गोल्फ सिटी प्रोजेक्ट के नाम पर खरीदारों से 1234.92 करोड़ रुपये एडवांस लिए. लेकिन जांच में पाया गया कि इस रकम में से सिर्फ 921.80 करोड़ रुपये ही प्रोजेक्ट के निर्माण और संपत्तियों के विकास में खर्च किए गए. जांच एजेंसी के मुताबिक बाकी करीब 313.12 करोड़ रुपये को प्रोजेक्ट से हटाकर अन्य गैर-प्रोजेक्ट गतिविधियों में डायवर्ट कर दिया गया. यानी होमबायर्स से लिए गए पैसे का एक बड़ा हिस्सा निर्धारित परियोजना पर खर्च नहीं किया गया और उसे दूसरी जगह इस्तेमाल कर लिया गया. सुबोध/१२-०३-२०२६