क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


- गैस आपूर्ति को लेकर सिंधिया ने दिया भरोसा, कांग्रेस पर साधा निशाना गुना (ईएमएस)। अपने तीन दिवसीय दौरे पर गुना पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने देश में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर उठ रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यह केवल भारत की समस्या नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर उत्पन्न हुआ संकट है। उन्होंने कहा कि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर दुनिया के कई देशों पर पड़ा है। गुना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए सिंधिया ने बताया कि वैश्विक हालात को लेकर उन्होंने ग्वालियर में प्रशासनिक अधिकारियों और भितरवार में मुख्यमंत्री के साथ विस्तृत समीक्षा की है। उन्होंने कहा कि स्टेट ऑफ होर्मुज से विश्व का लगभग 30 से 40 प्रतिशत तेल और गैस गुजरती है। वर्तमान परिस्थितियों में वहां संकट की स्थिति बनी हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और गैस की कीमतों पर असर पड़ा है। सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार इस स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति को लेकर किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री की कूटनीतिक पहल का ही परिणाम है कि जिस स्टेट ऑफ होर्मुज को ईरान ने बंद कर दिया था, वहां से भारत के लिए जहाजों को गुजरने की अनुमति दी गई है। इससे भारत में तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने कहा कि संसद में भी पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस विषय पर विस्तृत जानकारी दी है और देश के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। स्टेट ऑफ होर्मुज खुलने के बाद गैस आपूर्ति में आने वाली कठिनाइयों में भी राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान सिंधिया ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस तरह के वैश्विक संकट के समय सभी राजनीतिक दलों को देश के साथ खड़ा होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे पर भी राजनीति करने में लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कमजोर दिखाने की कोशिश करती है और हर मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का प्रयास करती है। वहीं हाल ही में विधायक पन्नालाल शाक्य द्वारा प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंधिया ने मुस्कराते हुए कहा कि उनके लिए इलेक्टेट सबसे महत्वपूर्ण है और इलेक्टेट के सामने सब कुछ गौण है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी ताकत है। पत्रकारवार्ता के दौरान सिंधिया ने गुना की गंभीर रूप से बीमार साक्षी ओझा के उपचार को लेकर भी चिंता जताई और कलेक्टर सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। -सीताराम नाटानी