राष्ट्रीय
14-Mar-2026
...


चेन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य विधानसभा का कार्यकाल 10 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। आमतौर पर चुनाव आयोग कार्यकाल खत्म होने से 4 से 6 सप्ताह पहले मतदान कराता है, ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि चुनाव अप्रैल के दूसरे सप्ताह में कराए जा सकते हैं। इस बीच राज्य की राजनीति में दो नई पार्टियों के उतरने से चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। पहली नई पार्टी अभिनेता थलपति विजय की तमिझगा वेत्रि कषगम (टीवीके) है, जिसने राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है। वहीं दूसरी नई पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता की करीबी और एआईएडीएमके से निष्कासित नेता वीके शशिकला ने बनाई है। उनकी पार्टी का नाम ऑल इंडिया पुरच्चि थलैवर मक्कल मुनेत्र कषगम (एआईपीटीएमएमके) रखा गया है। शशिकला अकेले नहीं लड़ेंगी चुनाव शशिकला ने 13 मार्च को अपनी नई पार्टी के गठन की घोषणा की। पार्टी का चुनाव चिन्ह नारियल का पेड़ रखा गया है। पार्टी के झंडे पर तमिलनाडु के प्रमुख नेताओं अन्नादुरै, एम.जी. रामचंद्रन और जयललिता की तस्वीरें लगाई गई हैं। शशिकला ने कहा कि उनकी पार्टी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और समान विचारधारा वाली पार्टियों के साथ गठबंधन करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी अकेले चुनाव नहीं लड़ेगी। विजय का एनडीए गठबंधन में शामिल होने से इंकार उधर विजय की पार्टी टीवीके ने शनिवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ किसी भी संभावित गठबंधन से इनकार कर दिया। पार्टी के संयुक्त महासचिव निर्मल कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उनकी पार्टी की वैचारिक प्रतिद्वंद्वी है और एनडीए के साथ चुनावी समझौते की खबरें केवल मीडिया की अटकलें हैं। कांग्रेस ने भी कसी कमर इधर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भी तमिलनाडु चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्य में कई समितियों के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इनमें के. सेल्वपेरुंथगई की अध्यक्षता में प्रदेश चुनाव समिति के अलावा अभियान समिति, चुनाव घोषणापत्र समिति तथा चुनाव प्रबंधन और समन्वय समिति शामिल हैं। कांग्रेस इस चुनाव में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। सीट बंटवारे के तहत डीएमके ने कांग्रेस को 28 सीटें, मरुमलार्चि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एमडीएमके) को चार सीटें तथा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और मानिथनेया मक्कल काची को दो-दो सीटें दी हैं। बहरहाल नई पार्टियों की एंट्री और गठबंधन की संभावनाओं के बीच तमिलनाडु की राजनीति में चुनाव से पहले समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। हिदायत/ईएमएस 14मार्च26