राज्य
14-Mar-2026


सतना(ईएमएस)। सतना जिले के नागौद क्षेत्र के पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता यादवेंद्र सिंह का शनिवार दोपहर 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और भोपाल के चिरायु अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। रविवार को गृह ग्राम कचनार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। स्वर्गीय यादवेंद्र सिंह की बहू प्रतिभा सिंह वर्तमान में नगर परिषद नागौद की अध्यक्ष हैं। यादवेंद्र सिंह का जन्म 5 जून 1953 को सतना जिले के कचनार गांव में हुआ था। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1978 में वसुधा ग्राम पंचायत के सरपंच के रूप में की। उन्होंने सरपंच के चुनाव में जुगुल किशोर बागरी (दिवंगत पूर्व मंत्री) को हराकर यह चुनाव जीता और लगातार 10 वर्षों तक सरपंच पद की जिम्मेदारी संभाली। साल 1992 में वे विपणन सहकारी समिति नागौद के अध्यक्ष बने। साल 1993 में समिति अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर उन्होंने जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष का पद संभाला। 1998-99 में वे कृषि उपज मंडी नागौद के अध्यक्ष बने और लगभग पांच वर्षों तक इस पद पर कार्य किया। विनोद उपाध्याय / 14 मार्च, 2026