नई दिल्ली (ईएमएस)। देश की प्रमुख जांच एजेंसी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 228 करोड़ रुपए के बैंक धोखाधड़ी मामले में उद्योगपति अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अंबानी से शनिवार को दूसरे दिन फिर से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में उनसे सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक, यानी करीब छह घंटे तक पूछताछ की गई। यह पूछताछ रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल) से जुड़े 228 करोड़ रुपए के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में की गई है। इस मामले में कंपनी के पूर्व सीईओ और पूर्व पूर्णकालिक निदेशक रवींद्र सुधालकर सहित कई अन्य लोगों के नाम भी शामिल हैं। मामले में जय अनमोल अंबानी भी आरोपियों में शामिल हैं। हालांकि इस संबंध में कंपनी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सीबीआई ने बीते दिन शुक्रवार को भी अनिल अंबानी के बेटे से पूछताछ की थी। जांच एजेंसी के अनुसार, जय अनमोल अंबानी से दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में पूछताछ की गई। अधिकारियों ने बताया कि उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से सवाल-जवाब किए गए और आगे की जांच के लिए उन्हें शनिवार को भी उपस्थित रहने को कहा गया था। सीबीआई ने इससे पहले 9 दिसंबर 2025 को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मुंबई में जय अनमोल अंबानी के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया था। यह कार्रवाई यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (पूर्व में आंध्रा बैंक) की शिकायत के आधार पर की गई थी। बैंक ने आरोप लगाया था कि कंपनी ने बैंक से लिया गया कर्ज वापस नहीं चुकाया, जिसके कारण वर्ष 2019 में यह खाता गैर-निष्पादित संपत्ति (एनपीए) में बदल गया। वहीं, 6 दिसंबर 2025 को सीबीआई ने इस बैंक धोखाधड़ी मामले में केस दर्ज किया। इस मामले में रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड, जय अनमोल अंबानी, रविंद्र सुधालकर सहित कुछ अज्ञात व्यक्तियों और अज्ञात सरकारी अधिकारियों को भी आरोपी बनाया गया है। सुबोध/१४-०३-२०२६