मनोरंजन
15-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। साउथ के चर्चित अभिनेता विजय और अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर जानी-मानी अभिनेत्री और राजनेता खुशबू सुंदर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार की निजी जिंदगी को लेकर इस तरह का हंगामा करना ठीक नहीं है। उनका मानना है कि हर व्यक्ति की अपनी निजी जिंदगी होती है और जब तक उस निजी जीवन से समाज या आम लोगों पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता, तब तक उसे विवाद का विषय नहीं बनाना चाहिए। एक बातचीत के दौरान खुशबू सुंदर से पूछा गया कि तमिलनाडु में इस समय चुनावी माहौल बन रहा है और इसी बीच विजय को तृषा कृष्णन के साथ एक कार्यक्रम में देखा गया है। ऐसे में क्या इस घटना का राजनीति या जनता की सोच पर कोई असर पड़ सकता है। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि लोगों को इस तरह की निजी बातों में इतनी दिलचस्पी क्यों होती है। उनके मुताबिक यह दोनों कलाकारों की निजी जिंदगी से जुड़ा मामला है और इसका आम लोगों से कोई सीधा संबंध नहीं है। खुशबू सुंदर ने कहा कि अगर किसी की निजी जिंदगी से समाज या जनता प्रभावित होती, तो उस पर चर्चा करना समझ में आता, लेकिन जब किसी की व्यक्तिगत जिंदगी से किसी को नुकसान नहीं हो रहा है, तो उसे बड़ा विवाद बनाना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अक्सर लोग कलाकारों की निजी जिंदगी को लेकर जरूरत से ज्यादा उत्सुक हो जाते हैं, जबकि हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने का अधिकार है। बातचीत के दौरान उनसे यह भी पूछा गया कि क्या इस तरह की चर्चाओं का विजय की लोकप्रियता पर असर पड़ सकता है, खासकर तब जब वह फिल्मों के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय माने जाते हैं। इस पर खुशबू सुंदर ने स्पष्ट कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इससे विजय की छवि या लोकप्रियता पर कोई खास प्रभाव पड़ेगा। उनके अनुसार जनता बहुत समझदार होती है और चुनाव के समय सही निर्णय लेती है। उन्होंने कहा कि लोग जानते हैं कि उन्हें कब और किसे वोट देना है, इसलिए किसी अभिनेता की निजी जिंदगी को उसकी राजनीतिक स्थिति से जोड़ना जरूरी नहीं है। खुशबू सुंदर ने अंत में कहा कि चाहे कोई व्यक्ति बड़ा अभिनेता हो या नेता, वह आखिरकार एक इंसान ही होता है और हर इंसान को अपनी निजी जिंदगी जीने का उतना ही अधिकार है जितना किसी आम व्यक्ति को। बता दें कि इन दिनों विजय और तृषा कृष्णन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। दरअसल, विजय और उनकी पत्नी संगिता सोर्नालिंगम के बीच कथित तलाक की खबरों के बीच हाल ही में विजय को तृषा कृष्णन के साथ एक वेडिंग रिसेप्शन में देखा गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों को लेकर कई तरह की अटकलें और चर्चाएं शुरू हो गईं। सुदामा/ईएमएस 15 मार्च 2026