मुंबई (ईएमएस)। सोशल मीडिया और यूट्यूब पर हरियाणवी कलाकार अजय हूडा और कविता जोशी का नया गीत ‘बालम माकोडे वर्गा’ रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। वीडियो शेयर करते हुए दोनों ने कैप्शन में लिखा, “बालम माकोडे वर्गा अब जारी।” यह गाना टी सीरीज हरयाणवी नामक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है और रिलीज के कुछ ही घंटों के भीतर इस पर हजारों व्यूज और लाइक्स आ चुके हैं। फैंस कमेंट सेक्शन में लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और कलाकारों की जोड़ी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। हरियाणवी संगीत प्रेमियों के बीच यह गाना तेजी से लोकप्रिय होता नजर आ रहा है। ‘बालम माकोडे वर्गा’ एक मनोरंजक और देसी अंदाज वाला हरियाणवी म्यूजिक वीडियो है, जिसमें पारंपरिक हरियाणवी जीवन और पति-पत्नी के रिश्ते की हल्की-फुल्की नोक-झोंक को मजेदार तरीके से दिखाया गया है। इस गीत को विनू गौर और सुशीला तखर ने अपनी दमदार आवाज दी है, जबकि इसका संगीत भी विनू गौर ने ही तैयार किया है। गीत के बोल अजय हुड्डा ने लिखे हैं, जो अपने देसी अंदाज और ठेठ हरियाणवी शैली के लिए जाने जाते हैं। वीडियो में अजय हुड्डा और कविता जोशी पति-पत्नी की भूमिका में नजर आते हैं, जहां दोनों के बीच होने वाली मजेदार तकरार और बातचीत को बेहद रोचक ढंग से फिल्माया गया है। स्क्रीन पर दोनों की केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। गाने में दिखाया गया है कि लगातार छोटी-छोटी नोक-झोंक के बावजूद पति-पत्नी का रिश्ता मजबूत बना रहता है, जो दर्शकों को वास्तविक जीवन से जुड़ा हुआ लगता है। इस गाने में कविता जोशी का लुक भी दर्शकों को काफी आकर्षित कर रहा है। वह एक पारंपरिक हरियाणवी महिला के रूप में नजर आ रही हैं, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। उनका देसी अंदाज, अभिनय और डांस मूव्स वीडियो को और भी दिलचस्प बनाते हैं। अजय हुड्डा हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के प्रमुख गायक, गीतकार और डांसर के रूप में जाने जाते हैं। वहीं कविता जोशी एक लोकप्रिय अभिनेत्री और डांसर हैं, जिन्हें अक्सर ‘देसी फिल्मों की सुपरस्टार’ और ‘देसी क्वीन’ के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने कई हरियाणवी फिल्मों और म्यूजिक वीडियो में काम किया है और सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। सुदामा/ईएमएस 15 मार्च 2026