मुंबई (ईएमएस)। ग्लोबल अभिनेत्री प्रियंका चोपडा ने अपनी बेटी मालती की प्राइवेसी और सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी हायर करने का फैसला लिया है। एक्ट्रेस का कहना है कि वह नहीं चाहतीं कि बिना अनुमति कोई उनकी बेटी की तस्वीरें या वीडियो रिकॉर्ड करे। एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि जैसे-जैसे मालती बड़ी हो रही है, वह और उनके पति निक जोनस उसकी पहचान को लेकर पहले से ज्यादा सावधानी बरत रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि मालती बहुत घूमना-फिरना पसंद करती है और वे चाहते हैं कि लोग उसे सामान्य बच्चे की तरह देखें, न कि एक सेलिब्रिटी की बेटी के रूप में। उनका मानना है कि बच्चों को ऐसी परवरिश मिलनी चाहिए जिसमें वे लोगों से डरें नहीं और दुनिया को खुले मन से समझ सकें। प्रियंका ने बताया कि वह नहीं चाहतीं कि उनकी बेटी लोगों को शक की नजर से देखना सीखे। उनके अनुसार दुनिया में अच्छे और बुरे दोनों तरह के लोग होते हैं, इसलिए बच्चों को जागरूक बनाना जरूरी है, लेकिन साथ ही उन्हें सही-गलत की समझ भी होनी चाहिए। इसी सोच के साथ उन्होंने मालती की सुरक्षा को लेकर कुछ अतिरिक्त कदम उठाने का निर्णय लिया। प्रियंका ने यह भी साझा किया कि एक घटना ने उन्हें सुरक्षा को लेकर गंभीर रूप से सोचने पर मजबूर कर दिया था। उन्होंने बताया कि एक बार मालती स्कूल से घर लौट रही थी, तभी एक अजनबी व्यक्ति उसका पीछा करते हुए घर तक आ गया और वीडियो रिकॉर्ड करने लगा। इस घटना ने प्रियंका और निक दोनों को काफी परेशान कर दिया। इसके बाद उन्होंने तय किया कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी जरूरी है। प्रियंका और निक की बेटी मालती का जन्म भी काफी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में हुआ था। मालती प्रीमैच्योर बेबी थी और जन्म के समय उसकी हालत काफी नाजुक थी। निक जोनस ने पहले एक पॉडकास्ट में बताया था कि बेटी तय समय से पहले पैदा हुई थी और जन्म के वक्त उसका रंग बैंगनी पड़ गया था। उस समय दोनों बेहद चिंतित थे और कई दिनों तक अस्पताल में रहकर बेटी की देखभाल करते रहे। सुदामा/ईएमएस 15 मार्च 2026