-पीर पंजाल क्षेत्र में ताज़ा बर्फबारी के बाद यात्रियों को यात्रा न करने की सलाह पुंछ,(ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी के कारण ऐतिहासिक मुगल रोड पर यातायात अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने खराब मौसम और सड़क पर जमी बर्फ को देखते हुए एहतियातन वाहनों की आवाजाही रोकने का निर्णय लिया है। अधिकारियों के अनुसार पीर पंजाल रेंज की ऊंची पहाड़ियों में हुई ताज़ा बर्फबारी के कारण सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। खासकर पीर की गली और आसपास के इलाकों में बर्फ की मोटी परत जमने के कारण वाहन चलाना असुरक्षित हो गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल इस मार्ग पर यातायात रोक दिया है। संबंधित सड़क रखरखाव एजेंसियों और जिला प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि मौसम में सुधार होते ही सड़क से बर्फ हटाने का काम शुरू किया जा सके। इस बीच जम्मू-कश्मीर यातायात पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों को सलाह दी है कि जब तक सड़क को आधिकारिक रूप से सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें। हिदायत/ईएमएस 15मार्च26