क्षेत्रीय
15-Mar-2026
...


बुरहानपुर (ईएमएस) । जिले की नेपानगर विधानसभा में आयोजित जनजातीय सम्मेलन मैं 363 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण करने के साथ कृषि एवं वन विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की विकास योजनाओं ने विपक्षी दल के नेताओं की बेचैनी बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं से कांग्रेसियों के “तोते उड़ गए हैं”, क्योंकि जनता अब विकास और सुशासन के आधार पर राजनीति को परख रही है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार आदिवासी समाज सहित सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों से प्रदेश का समग्र विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में पहले जिन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी थी, वहां अब विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि उनकी नादानियों से संसद की गरिमा को ठेस पहुंच रही है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब संसद में बोलने का अवसर मिलता है तो वे कई बार सदन से अनुपस्थित रहते हैं और बाद में यह आरोप लगाते हैं कि उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की राजनीति से लोकतंत्र की मर्यादा कमजोर होती है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के नेता खुद ही अपने नेता और आचरण से असहज स्थिति में हैं, जिससे पार्टी के कार्यकर्ता भी असमंजस में दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल राजनीतिक लाभ नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं को पहुंचाना है। उन्होंने आदिवासी समाज से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने और विकास की इस यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया। आबिद अहमद/15 मार्च2026