क्षेत्रीय
17-Mar-2026
...


- पुलिस द्वारा मानवता की मिसाल पेश करने वाले युवक की सराहना राजगढ़(ईएमएस)l सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर सहायता कर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कृष्ण मोहन लववंशी द्वारा मानवता और साहस का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। उनके इस सराहनीय कार्य की राजगढ़ पुलिस द्वारा प्रशंसा की गई है। जानकारी अनुसार 15 मार्च को सायं लगभग 05:00 बजे मंडी रोड स्थित बजाज शोरूम के सामने एक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में घायल व्यक्ति के दोनों हाथ-पैरों में गंभीर फ्रैक्चर तथा शरीर पर गंभीर चोटें आईं। इस घटना को देखते ही बजाज शोरूम पर कार्यरत कृष्ण मोहन लववंशी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बिना समय गंवाए अपने निजी खर्च से ऑटो की व्यवस्था कर स्वयं घायल को उठाकर सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के पश्चात घायल की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल राजगढ़ रेफर किया। घायल की पहचान राजेश साहू पिता लक्ष्मीनारायण साहू, निवासी स्वरूप नगर, ब्यावरा के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 35 वर्ष है। वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है,तथा उसके परिवार में पत्नी और लगभग 7–8 वर्ष का एक पुत्र है। कृष्ण मोहन लववंशी की तत्परता, संवेदनशीलता और साहस के कारण घायल को दुर्घटना के तुरंत बाद अस्पताल पहुंचाया जा सका। उनका यह कार्य समाज में अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। - पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मान की घोषणा इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी द्वारा कृष्ण मोहन लववंशी के साहसिक एवं मानवतापूर्ण कार्य की प्रशंसा की गई है तथा उन्हें सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। - राहवीर योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन केंद्र सरकार द्वारा संचालित राहवीर योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर (दुर्घटना के एक घंटे के भीतर) अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य लोगों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें किसी प्रकार की कानूनी परेशानी से सुरक्षित रखना है। - राजगढ़ पुलिस की अपील राजगढ़ पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि यदि कहीं सड़क दुर्घटना में कोई व्यक्ति घायल दिखाई दे तो मानवता का परिचय देते हुए उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाने में सहायता करें, क्योंकि दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा (गोल्डन ऑवर) घायल की जान बचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। -निखिल/राजगढ़/17/3/2026