काठमांडू (ईएमएस)। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की किताब जलाए जाने को लेकर नेपाल में विवाद खड़ा हो गया है। मोरंग जिले के मनमोहन टेक्निकल कॉलेज में शनिवार रात सैकड़ों किताबें जलाई गईं। इनमें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की लिखी किताब ‘द गवर्नेंस ऑफ चाइना’ की भी कई कॉपियां शामिल थीं। इस घटना के बाद चीन ने कड़ी नाराजगी जताई है। काठमांडू स्थित चीनी दूतावास ने नेपाल के विदेश मंत्रालय को आधिकारिक नोट भेजकर इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। वीडियो वायरल होने के बाद मोरंग के मुख्य जिला अधिकारी युवराज कट्टेल ने मीडिया से वीडियो हटाने को कहा, क्योंकि इससे नेपाल-चीन संबंधों पर असर पड़ सकता था। नेपाल के गृह मंत्री ओम प्रकाश अर्याल ने कहा कि जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि चीन ने इस मामले पर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। विनोद/ईएमएस/17/03/2026