बीजिंग (ईएमएस)। चीन ने स्पष्ट किया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रस्तावित चीन यात्रा का स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में चल रहे तनाव या संभावित बंदी से कोई संबंध नहीं है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा कि मीडिया में चल रही ऐसी खबरें पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने बताया कि अमेरिका और चीन के बीच ट्रंप की यात्रा को लेकर बातचीत जारी है और तारीखों पर चर्चा हो रही है। इस बीच चीन ने मिडिल ईस्ट में बढ़ते संकट को देखते हुए ईरान, जॉर्डन, लेबनान और इराक को मानवीय सहायता देने की घोषणा की है। चीन का कहना है कि वह क्षेत्र में शांति बहाल करने और संघर्ष को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। दूसरी ओर, ट्रंप ने खुद संकेत दिया कि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण उनकी चीन यात्रा टल सकती है। उन्होंने कहा कि वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने के इच्छुक हैं, लेकिन फिलहाल हालात को देखते हुए अमेरिका में रहना जरूरी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप ने पहले चीन से होर्मुज संकट को हल करने के लिए सहयोग की बात भी कही थी, लेकिन अब दोनों देशों ने साफ कर दिया है कि इस यात्रा को उस मुद्दे से जोड़कर देखना गलत है। सुबोध/१७-०३-२०२६