वाशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिका के काउंटर टेररिज्म सेंटर के निदेशक जो केंट ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह कदम ईरान के साथ जारी युद्ध के विरोध में उठाया। “ईरान से अमेरिका को कोई तात्कालिक खतरा नहीं” जो केंट ने अपने इस्तीफे में साफ कहा कि ईरान से अमेरिका को “कोई तत्काल खतरा” नहीं था। उनके मुताबिक यह युद्ध इजराइल के दबाव और उसके अमेरिकी लॉबी के कारण शुरू किया गया। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप को लिखे अपने पत्र में कहा: “मैं अच्छे विवेक के साथ ईरान में चल रहे इस युद्ध का समर्थन नहीं कर सकता। ईरान हमारे देश के लिए कोई तत्काल खतरा नहीं था और यह साफ है कि यह युद्ध इजराइल और उसके प्रभावशाली अमेरिकी लॉबी के दबाव में शुरू किया गया।” जो केंट ने अपने पत्र में निजी दर्द भी साझा किया। उन्होंने बताया कि वह एक पूर्व सैनिक (वेटरन) हैं और 11 बार युद्ध में तैनात रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी पत्नी शैनन को एक ऐसे ही “इजराइल द्वारा बनाए गए युद्ध” में खो दिया था। “मैं एक गोल्ड स्टार पति हूं, जिसने अपनी पत्नी शैनन को युद्ध में खोया। मैं अगली पीढ़ी को ऐसे युद्ध में भेजने का समर्थन नहीं कर सकता, जिससे अमेरिका को कोई फायदा नहीं होता और जिसमें हमारे लोगों की जान जाती है।” सुबोध/१७-०३-२०२६