गुमला(ईएमएस)।जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा न केवल समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में नई उम्मीद भी जगायी जा रही है। इसका एक उदाहरण मंगलवार को उस समय देखने को मिला जब पूनम देवी नाम एक महिला अपने 13 माह के पुत्र शिवांश साहू के साथ उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित से मिलने पहुंची। जहां पूनम ने उपायुक्त का आभार व्यक्त किया।पूनम देवी ने बताया कि उनके पुत्र शिवांश का जन्म समय से पूर्व (लगभग 6 माह) हो गया था।जिसके कारण उसके आंखों के रेटीना में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी थी और वह देखने में असमर्थ था बच्चे के इलाज के लिए वे चेन्नई तक गयी। जहां काफी आर्थिक खर्च के बावजूद भी समुचित उपचार संभव नहीं हो पाया।इस स्थिति में परिवार अत्यंत निराश और परेशान था।उन्होंने बताया कि एक परिचित के सुझाव पर वे जन शिकायत निवारण दिवस में अपनी समस्या लेकर उपायुक्त से मिली।उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पहल की और अगले ही दिन बच्चे के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करायी। उपायुक्त के सहयोग से रांची स्थित आईआरआईएस अस्पताल में बच्चे का समुचित उपचार प्रारंभ हुआ।बच्चे के दोनों आंखों के रेटीना का पहला ऑपरेशन 14 अक्टूबर 2025 तथा दूसरा ऑपरेशन दिसंबर माह में सफलतापूर्वक किया गया।ऑपरेशन के पश्चात अब बच्चा रोशनी को पहचानने लगा है।उपायुक्त ने भी परिवार को आश्वस्त किया कि बच्चे के आगामी लेंस ऑपरेशन सहित सभी आवश्यक उपचार की व्यवस्था करायी जायेगी तथा उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। कर्मवीर सिंह/17मार्च/26