18-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। मशहूर कॉमेडियन जाकिर खान ने अपने स्टेज शो से लंबे समय के लिए ब्रेक लेने की घोषणा की थी, जिसके बाद उनके फैंस के बीच तरह-तरह की अटकलें लगने लगी थीं। सोशल मीडिया पर कॉमेडियन का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह अस्पताल के बेड पर बैठे नजर आ रहे हैं। वीडियो देखने के बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंता जता रहे हैं। दरअसल यह क्लिप जाकिर खान के छोटे भाई अरबाज खान के रमजान व्लॉग का हिस्सा है। व्लॉग में अरबाज अपने दर्शकों को उस कमरे में ले जाते हैं, जहां जाकिर भर्ती हैं। वीडियो में जाकिर मुंबई के लीलावटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती दिखाई देते हैं और उन्होंने अस्पताल का गाउन पहन रखा है, जिस पर अस्पताल का नाम भी साफ नजर आता है। वीडियो में जाकिर अपने भाई के साथ समय बिताते दिखाई दे रहे हैं। दोनों अस्पताल के कमरे में बैठकर भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे टी20 क्रिकेट मैच का आनंद लेते नजर आते हैं। व्लॉग के एक हिस्से में जाकिर मैच पर टिप्पणी करते हुए कहते हैं, “मैच अभी फंसा हुआ है।” इस हल्के-फुल्के पल के बावजूद वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस चिंतित हो गए और लगातार उनकी सेहत के बारे में सवाल पूछने लगे। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने कमेंट करके उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। सोशल मीडिया पर “गेट वेल सून” जैसे संदेशों की भरमार देखने को मिली। फैंस का कहना है कि वे अपने पसंदीदा कॉमेडियन को जल्द से जल्द स्वस्थ होकर मंच पर लौटते देखना चाहते हैं। जाकिर खान के अस्पताल में होने की चर्चा इसलिए भी तेज हो गई है क्योंकि उन्होंने हाल ही में अपने स्टैंडअप करियर से लंबा ब्रेक लेने की घोषणा की थी। जनवरी में हैदराबाद में एक शो के दौरान उन्होंने दर्शकों को बताया था कि वह कुछ समय के लिए परफॉर्मिंग से दूर रहना चाहते हैं। कॉमेडियन ने उस दौरान कहा था कि वह लंबा ब्रेक लेने की योजना बना रहे हैं, जो संभवतः 2028, 2029 या 2030 तक चल सकता है। उन्होंने बताया कि यह तीन से पांच साल का अंतराल हो सकता है, ताकि वह अपनी सेहत पर ध्यान दे सकें और जीवन की कुछ अन्य चीजों को भी संभाल सकें। सुदामा/ईएमएस 18 मार्च 2026