18-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अमेरिका, इजराइल–इरान वार को लेकर एलपीजी संकट को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री समीरा रेडडी का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है। दरअसल अभिनेत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें घरेलू गैस सिलेंडर का स्वागत किसी वीआईपी मेहमान की तरह किया जा रहा है। वीडियो में सिलेंडर के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया है और उसे ताज पहनाकर सम्मानित किया जाता दिखाया गया है। अभिनेत्री खुद भी सिलेंडर की आवभगत करते हुए उसे चाय पेश करती हैं और गुलाब का फूल देकर स्वागत करती नजर आती हैं। इस वीडियो के जरिए उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में देश में एलपीजी सिलेंडर को लेकर बनी स्थिति पर व्यंग्य किया है। वीडियो देखकर यह भी साफ होता है कि अभिनेत्री के घर में भी लंबे समय से घरेलू गैस सिलेंडर का इंतजार किया जा रहा था और आखिरकार जब सिलेंडर पहुंचा तो उसे खास अंदाज में सेलिब्रेट किया गया। समीरा रेड्डी का यह वीडियो सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रहा है और लोग इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में एलपीजी का नया फुल फॉर्म भी गढ़ दिया है, जिसे उन्होंने “वेरी इम्पोर्टेंड पेट्रोलियम” बताया है। हालांकि यह वीडियो हास्य के अंदाज में बनाया गया है, लेकिन यह मौजूदा हालात की झलक भी दिखाता है। कई राज्यों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं और लोग घरेलू सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर चिंता जता रहे हैं। गैस की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के बाद स्थिति और ज्यादा चर्चा में आ गई है। केंद्र सरकार का कहना है कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और सप्लाई सामान्य है। इसके बावजूद कमर्शियल सिलेंडरों पर लगे प्रतिबंध और बढ़ती मांग के कारण कुछ क्षेत्रों में पैनिक जैसी स्थिति बन गई है। इसी वजह से घरेलू सिलेंडर की बुकिंग की अवधि को बढ़ाकर 28 दिन कर दिया गया है, यानी अब एक परिवार इस अवधि में केवल एक ही सिलेंडर बुक कर सकता है। ऐसे में सोशल मीडिया पर सामने आ रहे ऐसे वीडियो लोगों की परेशानियों के बीच थोड़ी राहत और मुस्कान जरूर दे रहे हैं। बता दें कि अमेरिका, इजराइल तथा ईरान वार का असर अब भारत के घरेलू बाजार में भी दिखाई देने लगा है। बढ़ती अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता और ईंधन आपूर्ति से जुड़ी चिंताओं के बीच देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और सप्लाई को लेकर परेशानियां सामने आ रही हैं। कई शहरों में लोग गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में लगने को मजबूर हैं और एक सिलेंडर की बुकिंग के लिए अब 28 दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। सुदामा/ईएमएस 18 मार्च 2026