मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री में अपने अनुभवों को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री जरीन खान ने कई खुलासे किए हैं। अभिनेत्री ने बताया कि फिल्म हेट स्टोरी 3 के बाद उन्हें इंडस्ट्री में काफी आलोचना सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि फिल्म में किए गए बोल्ड सीन के कारण कई लोगों ने उनकी अभिनय क्षमता पर सवाल उठाए और उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश की। ज़रीन खान ने अपने करियर की शुरुआत वीर से की थी, जिसमें उनके साथ सलमान खान मुख्य भूमिका में थे। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी। इसके बाद वह हाउसफुल 2 और बाद में हेट स्टोरी 3 जैसी फिल्मों में नजर आईं। ‘हेट स्टोरी 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की, लेकिन इस फिल्म के बाद उन्हें इंडस्ट्री में आलोचना का सामना करना पड़ा। एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान ज़रीन ने बताया कि फिल्म के बोल्ड सीन को लेकर कई लोगों ने उनके बारे में नकारात्मक टिप्पणियां कीं। उनका कहना था कि कुछ लोगों ने यहां तक कहा कि वह अभिनय नहीं कर सकतीं, इसलिए उन्हें इस तरह के सीन करने पड़े। अभिनेत्री के मुताबिक, इस तरह की बातों से उन्हें काफी बुरा लगा और फिल्म की सफलता के बावजूद उन्हें सम्मानजनक व्यवहार नहीं मिला। फिल्म की सफलता के बाद ज़रीन को अक्सर 2 के लिए अप्रोच किया गया, जो 2006 में आई फिल्म अक्सर का सीक्वल थी। इस फिल्म का निर्देशन अनंत महादेवन ने किया था। ज़रीन का कहना है कि जब उन्हें फिल्म की कहानी सुनाई गई थी, तब इसे एक नॉयर थ्रिलर के रूप में पेश किया गया था। लेकिन शूटिंग शुरू होने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि फिल्म में कई ऐसे सीन शामिल किए जा रहे हैं, जिनकी जानकारी उन्हें पहले नहीं दी गई थी। अभिनेत्री के मुताबिक, सेट पर अक्सर ऐसे दृश्य जोड़े जा रहे थे जिनमें किसिंग सीन या रिवीलिंग कॉस्ट्यूम की मांग की जाती थी। उन्होंने कहा कि उन्हें बोल्ड सीन करने से कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन फिल्म की स्क्रिप्ट और वास्तविक शूटिंग के बीच काफी अंतर था। इस वजह से शूटिंग के दौरान कई बार तनावपूर्ण स्थिति भी पैदा हुई। ज़रीन खान ने यह भी बताया कि इन सब परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने फिल्म पूरी करने का फैसला किया क्योंकि वह नहीं चाहती थीं कि निर्माताओं को आर्थिक नुकसान हो। उनका कहना था कि वह काम के प्रति जिम्मेदार हैं और हमेशा किसी विवाद से बचते हुए बीच का रास्ता निकालने की कोशिश करती हैं। हालांकि फिल्म पूरी होने तक हालात इतने खराब हो गए थे कि उन्हें अपनी ही फिल्म की स्क्रीनिंग में आमंत्रित नहीं किया गया। अभिनेत्री का यह भी दावा है कि उस समय कई रिपोर्ट्स में उन्हें “नखरीली एक्ट्रेस” बताया गया, जबकि उनके पास ऐसे संदेश भी मौजूद हैं जिनमें निर्देशक खुद निर्माताओं की शिकायत करते दिखाई देते हैं। सुदामा/ईएमएस 18 मार्च 2026