अंतर्राष्ट्रीय
19-Mar-2026
...


तेहरान,(ईएमएस)। अमेरिका और इजरायल के साथ जारी भीषण संघर्ष के बीच ईरान को अब तक का सबसे बड़ा रणनीतिक नुकसान हुआ है। ईरान के प्रभावशाली सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी एक इजरायली हवाई हमले में मारे गए हैं। इस हाई-प्रोफाइल हत्या ने न केवल ईरान के सत्ता ढांचे को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि पहले से ही अस्थिर मध्य पूर्व को पूर्ण अराजकता की ओर धकेल दिया है। अब उस गद्दार की तलाश की जा रही है जिसने इस षड़यंत्र का जाल बुना है। जानकारी के अनुसार, सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन के बाद लारीजानी इजरायली सेना के रडार पर नंबर वन टारगेट बने हुए थे। अपनी सुरक्षा को लेकर वह पिछले दो हफ्तों से लगातार ठिकाने बदल रहे थे और खुफिया एजेंसियों को चकमा देने के लिए कड़े एहतियाती कदम उठा रहे थे। हालांकि, मंगलवार को जब वह तेहरान के उपनगर पारदीस में अपनी बेटी से मिलने पहुंचे, तब उनकी लोकेशन का पता चल गया और एक सटीक हवाई हमले में उन्हें ढेर कर दिया गया। इस हमले में उनके बेटे, एक डिप्टी और कई अंगरक्षकों की भी मौत की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लारीजानी की लोकेशन का सुराग स्थानीय निवासियों के माध्यम से मिला था। हाल ही में कुद्स दिवस की रैलियों में शामिल होने और मीडिया के सामने आने के उनके फैसले को इजरायली अधिकारियों ने अहंकारी चूक करार दिया है, जिससे उनकी पहचान सुनिश्चित करना आसान हो गया। अली लारीजानी को ईरान की सुरक्षा नीति का मुख्य वास्तुकार और दिवंगत खामेनेई का सबसे भरोसेमंद सिपहसालार माना जाता था। वह वर्तमान में नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के शासन तंत्र में भी रक्षा रणनीति की देखरेख कर रहे थे। ईरान ने आधिकारिक तौर पर लारीजानी की मौत की पुष्टि करते हुए उन्हें शहीद का दर्जा दिया है। उल्लेखनीय है कि लारीजानी की मौत से ठीक पहले मध्य तेहरान में हुए एक अन्य हमले में बासिज अर्धसैनिक बल के प्रमुख गोलमरेजा सुलेमानी की भी जान चली गई थी। बैक-टू-बैक हुई इन मौतों ने ईरान के सैन्य नेतृत्व को रक्षात्मक मुद्रा में ला दिया है। इस घटना के बाद तेहरान में भारी आक्रोश है। ईरानी सेना के प्रमुख अमीर हातमी ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इस हत्या का बदला लिया जाएगा और ईरान की प्रतिक्रिया इतनी निर्णायक होगी कि हमलावरों को पछताना पड़ेगा। इस घटनाक्रम ने युद्ध की आग को और भड़काने का काम किया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंताएं बढ़ गई हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/19मार्च2026