-देवगौड़ा को लेकर खड़गे ने कही बात, राज्यसभा में लगे ठहाके, प्रधानमंत्री भी मुस्कुराए नई दिल्ली,(ईएमएस)। राज्यसभा से बुधवार को कई सांसद रिटायर हो गए। उनकी विदाई के दौरान राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सदन में कहा कि नेता कभी रिटायर नहीं होते। वो राजनीति में, पब्लिक लाइफ में, देश सेवा के जुनून में न तो थकते हैं और न ही रिटायर होते हैं। इसी दौरान पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा के बारे में बोलते हुए खड़गे ने कहा कि मोहब्बत हमारे साथ की, लेकिन शादी मोदी साहब के साथ ऐसा क्यों हुआ मुझे नहीं पता। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राज्यसभा सांसदों की विदाई पर सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने जब देवगौड़ा को लेकर ये बात कही तो पीएम मोदी भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके। इस दौरान उच्च सदन में खड़गे के पीछे बैठे जयराम रमेश भी मुस्कुराते नजर आए। दरअसल, खड़गे ने जिस तरह से अपनी बात कही वो बेहद अहम थी। खड़गे ने कहा कि मैं पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा जी का उल्लेख करना चाहूंगा। वो पीएम समेत कई पदों पर रहे हैं। मैं देवगौड़ा जी को 54 साल से ज्यादा समय से जानता हूं। मैंने उनके साथ बहुत काम किया है। हालांकि, बाद में, मुझे नहीं पता कि क्या हुआ, वह तो प्रेम हमारे साथ किए। मोहब्बत हमारे साथ, शादी मोदी साहब के साथ कर ली। ये हाल ही में हुआ। ये कैसे हुआ मुझे मालूम नहीं है। वहीं शरद पवार का भी जिक्र करते हुए खड़गे ने कहा कि वो राष्ट्रीय नेता हैं। उनके साथ भी हमारे अच्छे संबंध रहे। इस दौरान खड़गे ने कहा कि सदन ज्यादा से ज्यादा चलना चाहिए। सभी सांसदों की बातों को सुना जाना चाहिए। मिलकर काम करना चाहिए, ये बड़ी ताकत है। जनता के मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। रिटायर होने वाले कुछ साथी फिर वापस आएंगे कुछ नहीं आएंगे। पब्लिक लाइफ में रहने वाले सदस्य कभी रिटायर और टायर्ड नहीं होते। सिराज/ईएमएस 18मार्च26