क्षेत्रीय
19-Mar-2026
...


- हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाले एक व्यक्ति की सूझबूझ से गिरफ्तार हुआ अपहरणकर्ता मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के विक्रोली में एक हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाले एक व्यक्ति की सूझबूझ ने एक व्यक्ति को दो नाबालिग लड़कियों को किडनैप करने से रोक दिया। दरअसल दामोदर पार्क, मैत्री को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी के रहने वाले मोहम्मद ज़कारिया कमर नईम शम्सी (21) की सूझबूझ से पुलिस को मध्य प्रदेश के रहने वाले सूरज प्रसाद बनवासी को गिरफ्तार किया है। यह घटना बुधवार रात करीब 9 बजे हुई। शम्सी ने पुलिस को बताया कि जब वह अपनी बिल्डिंग से बाहर निकल रहे थे, तो उन्होंने देखा कि एक अनजान व्यक्ति सात साल की एक लड़की का हाथ पकड़कर उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने उसी व्यक्ति को गार्डन एरिया से, जहाँ बच्चे खेल रहे थे, एक और नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने की कोशिश करते हुए भी देखा। खतरा भांपकर शम्सी ने शोर मचाया, जिससे आरोपी भागने की कोशिश करने लगा। मौके पर मौजूद दो जान-पहचान वालों की मदद से, वह संदिग्ध को पकड़ने में कामयाब रहे और दूसरे निवासियों को भी सतर्क कर दिया। बाद में उस व्यक्ति की पहचान मध्य प्रदेश के रहने वाले सरजूप्रसाद केशूलाल बनवासी के रूप में हुई। निवासियों ने आरोपी से पूछताछ की, लेकिन उसके जवाब गोलमोल और संतोषजनक नहीं थे, जिससे यह शक और बढ़ गया कि उसका इरादा बच्चों को किडनैप करने का था। पुलिस को तुरंत सूचना दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। आगे की जाँच पुलिस कर रही है। संजय/संतोष झा- १९ मार्च/२०२६/ईएमएस