इस्लामाबाद (ईएमएस)। मनीला स्थित एशियाई विकास बैंक (एडीबी) अगले पांच वर्षों में पाकिस्तान को लगभग 10 अरब अमेरिकी डॉलर का वित्तीय समर्थन देने की योजना बना रहा है। यह सहायता 2026-30 देश साझेदारी रणनीति (सीपीएस 2026-30) का हिस्सा है, जिसे हाल ही में लॉन्च किया गया। नई सीपीएस का लक्ष्य पाकिस्तान में निजी क्षेत्र-नेतृत्व वाले विकास के माध्यम से टिकाऊ और समावेशी वृद्धि को बढ़ावा देना है। यह तीन प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित होगी- 1. निजी क्षेत्र का सशक्तिकरण– आर्थिक विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा। 2. समावेशन और सशक्तिकरण– गरीब और कमजोर वर्गों के लिए अवसर। 3. लचीलापन और स्थिरता– सामाजिक और आर्थिक प्रणालियों की मजबूती। रणनीति सुशासन, लैंगिक समानता, डिजिटल परिवर्तन और क्षेत्रीय सहयोग जैसे समग्र पहलुओं से मजबूत होगी। एडीबी की पाकिस्तान कंट्री डायरेक्टर ने कहा कि यह योजना संरचनात्मक चुनौतियों को हल करने और दीर्घकालिक विकास को बढ़ावा देने के लिए तैयार की गई है। पाकिस्तान का युवा कार्यबल और प्राकृतिक संसाधन निजी क्षेत्र आधारित वृद्धि के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं, जिससे निर्यात, निवेश और आर्थिक विस्तार में मजबूती आएगी। सतीश मोरे/19मार्च ---