- कलेक्टर की मौजूदगी में गुनिया नदी योजना पर उठाए सवाल गुना (ईएमएस)। नवसंवत्सर के अवसर पर मानस भवन में आयोजित विक्रमोत्सव कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल राजनीतिक रंग में रंग गया, जब मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक पन्नालाल शाक्य ने मंच से ही जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोल दिया। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की मौजूदगी में विधायक ने गुनिया नदी की कार्ययोजना को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि “आप करते तो हो ही नहीं, कागजों में करने से क्या मतलब, कुछ करके बताओ।” विधायक शाक्य ने गुनिया नदी के कार्य को चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि यह आसान काम नहीं है और इसमें कई रसूखदार लोग बाधा डाल सकते हैं, जो दिल्ली, भोपाल और ग्वालियर तक से फोन लगवाकर काम रुकवाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कलेक्टर को सलाह देते हुए कहा कि यदि कार्रवाई करनी है तो सूचना के बाद दृढ़ता से “डिस्मेंटल” किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि हर कदम पर प्रशासन के साथ खड़े हैं, लेकिन काम जमीन पर दिखना चाहिए। अपने संबोधन में विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि सिर्फ फाइलों में काम दिखाने से कुछ नहीं होगा। उन्होंने पुराने कलेक्टरों के कार्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि अच्छे काम करने वालों को जनता वर्षों तक याद रखती है। इसी दौरान उन्होंने एसडीएम को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि “अगर एसडीएम तलवार लेकर निकलें तो गुना सुधर जाएगा,” जिससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का माहौल बन गया। उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम जिला प्रशासन द्वारा मानस भवन में विक्रमोत्सव के तहत आयोजित किया गया था, जिसमें जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे और सांसद प्रतिनिधि हरि सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। मानस भवन में गूंजा सम्राट विक्रमादित्य का शौर्य: सूर्य उपासना और ब्रह्मध्वज स्थापना के साथ विक्रमोत्सव का भव्य आगाज गुना में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक परंपरा के अनुसार सूर्य उपासना और ब्रह्मध्वज स्थापना से हुई। मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल के सहयोग से आयोजित इस उत्सव में “सम्राट विक्रमादित्य” पर आधारित भव्य नाट्य मंचन हुआ, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने न्याय, साहस और आदर्श शासन की झलक प्रस्तुत की। विधायक पन्नालाल शाक्य ने इसे युवा पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने वाला आयोजन बताया, वहीं कलेक्टर किशोर कन्याल ने पूरी टीम की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।-सीताराम नाटानी