तेहरान (ईएमएस)। ईरान फुटबॉल संघ ने कहा है कि वह फीफा विश्व कप 2026 का नहीं बल्कि अमेरिका का बहिष्कार करने जा रहा है। इसलिए विश्वकप में अमेरिका में होने वाले उसके मैचों को अन्य जगहों पर स्थानांतरित कर दिया जाना चाहिये। ईरान के फुटबॉल संघ के प्रमुख मेहदी ताज ने कहा कि टीम टूर्नामेंट की तैयारियों को जारी रखेगी हालांकि टीम अमेरिका खेलने नहीं जाएगी। फुटबॉल विश्व कप 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में संयुक्त रुप से आयोजित किया जा रहा है। अमेरिका के साथ जारी संघर्ष को देखते हुए ईरान की टीम सुरक्षा कारणों से अमेरिका नहीं जाना चाहत है। इसलिए उसने अमेरिका में अपने प्रस्तावित मैच खेलने से इनकार कर दिया है। ताज ने कहा, नेशनल टीम तुर्की में ट्रेनिंग कैंप लगाएगी और वहां दो मैत्रीपूर्ण मैच खेलेगी। हम अमेरिका का बहिष्कार करेंगे पर विश्व कप का नहीं। ताज का यह बयान ईरान के खेल मंत्री अहमद डोनयामाली के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान विश्व कप में भाग नहीं लेगा। ईरान की पुरुष टीम को जून में अमेरिका में बेल्जियम, मिस्र और न्यूजीलैंड के साथ मैच खेलने हैं। वहीं मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने ईरान के अमेरिका में विश्व कप मैचों के बहिष्कार पर कहा कि इस मामले में अंतिम फैसला फीफा करेगा। वहीं फीफा ने भी कहा है कि वे ईरान फुटबॉल फेडरेशन के संपर्क में हैं और चाहते हैं कि सभी टीमें अपने तय कार्यक्रम के अनुसार टूर्नामेंट में शामिल। ऐसे में फीफा ईरान के मैच किसी अन्य जग पर स्थानांतरित करे इसकी संभावना कम ही नजर आती है। ईएमएस 19 मार्च 2026