जबलपुर, (ईएमएस)। घमापुर थानांतर्गत कल चांदमारी टेस्टिंग रोड पर संपत्ति कर की वसूली एवं अवैध नल काटने गये नगर निगम के दल में शामिल एक कर्मचारी के साथ एक व्यक्ति ने मारपीट कर टैक्स वसूली की कार्यवाही रोकने के लिए धमकाया। इसके बाद आरोपी ने संभागीय कार्यालय-९ में पहुंच कर गालीगलौज कर स्टाफ से अभद्रता की। आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। घमापुर पुलिस ने बताया कि चांदमारी तलैया निवासी मंगल प्रसाद पटेल नगर निगम में नोटिस सर्वर के पद पर कार्यरत है। कल सुबह लगभग ११.३० बजे मंगल पटेल अपने संभागीय प्रभारी जागेन्द्र सिंह राजस्व निरीक्षक कमल आनंद, उपयंत्री मनोज पटेल, जल विभाग, टैक्स कलेक्टर नारायण बेन, नोटिस सर्वर अमित चौहान, जल विभाग सहायक रोहित पटेल व अन्य के साथ संपत्ति कर की वसूली व अवैध नल कनेक्शन काटने चांदमारी टेस्टिंग रोड करदाता अंजलि वर्मा लोधी के घर गया था। अवैध नल काटने की कार्यवाही दल सदस्यों जागेन्द्र सिंह, मनोज पटेल द्वारा की जा रही थी। टैक्स के लिए घर के सदस्यों को अवगत कराया था। अवैध नल काटने के बाद दल पंचशील स्कूल कार्यवाही करने जा रहा था। तभी पंचशील स्कूल के पास ममता रैकवार के घर के सामने वीरेन्द्र लोधी बाईक से आया और नल काटने की बात पर गालियां देने लगा। मना करने पर नोटिस सर्वर मंगल पटेल के साथ मारपीट कर गाल में थप्पड़ जड़ दिया। सुनील साहू / मोनिका / 19 मार्च 2026