वाराणसी (ईएमएस)। वाराणसी के नाटी इमली भरत मिलाप मैदान में गुरुवार को “अभूतपूर्व विकास एवं सतत् समृद्धि के 9 वर्ष” के उपलक्ष्य में सूचना विभाग द्वारा “नवनिर्माण के 9 वर्ष विषयक आयोजित भव्य चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। 19 से 26 मार्च तक 08 दिवसीय यह प्रदर्शनी प्रदेश सरकार के नौ वर्षों के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को चित्रों, पोस्टरों और डिजिटल माध्यमों के जरिए जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त प्रयास है। उद्घाटन समारोह में एमएलसी धर्मेंद्र राय, बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और जिज्ञासा का माहौल देखने को मिला। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की योजनाओं को 53 चित्र को डिस्प्ले द्वारा आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है, जिससे आम नागरिकों को सरकार के कार्यों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। प्रदर्शनी में योगी की पाती विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते 9 वर्षों में विकास की नई इबारत लिखी गई है। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को पिछड़े राज्य के रूप में देखा जाता था, लेकिन आज प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि वाराणसी सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। गरीब कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रभाव प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत योजना, राशन वितरण योजना जैसी योजनाओं की झलक भी प्रस्तुत की गई। मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराना, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद और तकनीकी सहायता प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों, बिजली और पानी की बेहतर व्यवस्था के साथ-साथ डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया गया है, जिससे गांवों का तेजी से विकास हो रहा है। प्रदर्शनी में कौशल विकास, स्टार्टअप, रोजगार सृजन और औद्योगिक निवेश से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। प्रदर्शनी में ई-गवर्नेंस, डिजिटल सेवाओं और ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। मंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रशासन को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया है। उन्होंने कहा कि अब अधिकांश सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिससे भ्रष्टाचार में कमी आई है और जनता को सुविधा मिली है। मंत्री ने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि यह नवनिर्माण के 9 वर्ष विषयक यह प्रदर्शनी इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है और आने वाले समय में देश के विकास में और भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। रामनरसिंह/ईएमएस/19/03/2026