नई दिल्ली (ईएमएस)। रेखा गुप्ता सरकार 24 मार्च को अपना दूसरा बजट पेश करेगी। मुख्यमंत्री जनसंवाद के माध्यम से विभिन्न वर्गों से सुझाव ले रही हैं। दिल्ली सचिवालय में संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहाँ छात्रों, शिक्षकों, महिलाओं और खिलाड़ियों ने शिक्षा, खेल, सुरक्षा, नागरिक सुविधाओं और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में सुधार के लिए प्रावधानों की मांग की। मुख्यमंत्री ने जनभागीदारी से विकसित दिल्ली के लिए समावेशी बजट का आश्वासन दिया। रेखा गुप्ता सरकार 24 मार्च को विधानसभा में अपना दूसरा बजट पेश करेगी। इससे पहले मुख्यमंत्री जनसंवाद के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों से सुझाव ले रही हैं। उनका कहना है कि पिछली बार की तरह इस बार भी जनभागीदारी से बजट तैयार होगा, जिसमें सभी वर्गों की आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाएगा। इसी कड़ी में बुधवार को उन्होंने दिल्ली सचिवालय में ‘संवाद कार्यक्रम’ आयोजित किया, जिसमें शामिल लोगों ने शिक्षा और खेल सुविधाओं को बेहतर करने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में सुधार तथा नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए बजट में प्रावधान करने की मांग की। संवाद कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद भी शामिल थे। मुख्यमंत्री और मंत्री से छात्रों ने मिड-डे मील योजना को कक्षा 12 तक बढ़ाने, स्कूलों में नियमित खेल प्रशिक्षण शुरू करने, पढ़ाई व खेल से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा व्यवहारिक ज्ञान के लिए औद्योगिक इकाइयों के भ्रमण व प्रशिक्षण की व्यवस्था करने की मांग की। कॉलेज के छात्रों ने नए छात्रावास बनाने, करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकालय में आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। शिक्षकों और महिलाओं ने स्कूलों व आवासीय क्षेत्रों में खेल मैदान बनाने, सुरक्षित सड़क पार करने के लिए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) और अंडरपास बनाने तथा जलभराव जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान करने के उपाय करने की मांग की। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/19/मार्च /2026