राज्य
19-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता पर विरोधाभास है। एजेंसी का कहना है कि सर्वर डाउन होने से डिलीवरी में देरी हो रही है, सिलेंडर की कमी नहीं है। राजधानी दिल्ली में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर जमीनी हकीकत और आधिकारिक दावों के बीच एक भारी अंतर देखने को मिल रहा है। दिल्ली के गांधी नगर स्थित इंडेन गैस सर्विस पर सुबह से ही ग्राहकों की लंबी कतारें लगी हैं। एक तरफ गैस एजेंसी किसी भी तरह की शॉर्टेज (कमी) से साफ इनकार कर रही है, वहीं आम जनता घंटों लाइन में लगने के बावजूद खाली हाथ लौटने को मजबूर है। एजेंसी की काउंटर अटेंडेंट ज्योति ने गैस की किल्लत से इनकार करते हुए बताया, हमारे पास सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक है। समस्या केवल सर्वर डाउन होने की वजह से आ रही है। सुबह 9:30 बजे से सिस्टम काम नहीं कर रहा है, जिसके कारण ग्राहकों के मोबाइल पर डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) जनरेट होने में देरी हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन ग्राहकों के पास कोड है, उन्हें तुरंत गैस दी जा रही है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/19/मार्च /2026