क्षेत्रीय
19-Mar-2026
...


- नगर के मंदिरों में भीड़ उमड़ी ब्यावरा(ईएमएस)l नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को हिंदू नववर्ष एवं गुड़ी पड़वा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। नववर्ष के शुभारंभ पर सुबह से ही धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला। नववर्ष का स्वागत सुबह 5 बजे पीपल चौराहे पर आतिशबाजी कर किया गया। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को नववर्ष की बधाई दी। इसके बाद शहर के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर नए साल में सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के प्रमुख मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया था। वैष्णो देवी मंदिर में माता का आकर्षक श्रृंगार किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। सुठालिया समीप स्थित सिद्ध स्थल मऊ के पुराने थाने में विराजमान माता चामुंडेश्वरी के मंदिर, जिसे थाने वाली माता के नाम से भी जाना जाता है, में भी विशेष पूजा-अर्चना हुई। यहां पुलिस प्रशासन द्वारा माता की सेवा की परंपरा है और नवरात्र के दौरान ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। आसपास के क्षेत्रों के मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ देखी गई। घरों में घट स्थापना और कलश स्थापना के साथ चैत्र नवरात्रि पर्व का शुभारंभ हुआ। शहर के सभी देवी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और आयोजन किए गए। इधर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पीपल चौराहे पर लोगों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ नीम और मिश्री का वितरण किया। सरस्वती शिशु मंदिर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विद्यालय परिवार द्वारा भी नीम-मिश्री बांटी गई। मान्यता है कि इस मिश्रण का सेवन करने से व्यक्ति वर्षभर निरोग रहता है। शहर के विभिन्न स्थानों पर मराठा समाज के परिवारों ने पारंपरिक तरीके से गुड़ी पड़वा का पर्व मनाया। लोगों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। -निखिल/ब्यावरा/19/3/2026