-पर्यटकों के लिए कॉटेज, वेलनेस सेंटर भी बनाए जाएंगे भोपाल (ईएमएस)। श्योपुर में स्थित कूनो नेशनल पार्क में चीतों की संख्या 50 होने के बाद अब यहां पर्यटन बढ़ाने की कवायद शुरू की गई है। इसके लिए अब मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम कूनो में आठ करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से नया रिजॉर्ट तैयार करने जा रहा है। इस रिजॉर्ट में पर्यटकों के लिए नए काटेज तैयार किए जाएंगे। वेलनेस सेंटर, बाउंड्रीवाल, पार्किंग, पानी व सीवेज निकासी के साथ ही पार्क भी विकसित किया जाएगा। चूंकि कूनो में बड़ी संख्या में चीते खुले जंगल में घूम रहे हैं। बोत्सवाना से लाए गए नौ चीतों के अलावा यहां जन्मे शावक भी भविष्य में जंगल में विचरण करते नजर आएंगे। ऐसे में अब पर्यटन विकास निगम ने भी पर्यटकों को ठहराने की कवायद शुरू की है। पर्यटन विकास निगम ने ये कार्य कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया की शुरू कर दी है। वर्तमान में कूनो में निजी रिजॉर्ट और रिट्रीट का संचालन हो रहा है। पर्यटन विकास निगम द्वारा पीपीपी मॉडल पर कूनो फॉरेस्ट रिट्रीट का संचालन किया जाता है। ये भी नवंबर से लेकर सिर्फ मार्च माह तक रहता है। इसे टेंट सिटी के रूप में संचालित किया जाता है, जो अस्थायी रहती है। गर्मी का सीजन आने पर इस टेंट सिटी को हटा लिया जाता है। ऐसे में पर्यटकों के पास ठहरने का विकल्प बहुत कम बचता है। पर्यटकों को यहां निजी रिसार्ट में रुकना पड़ता है, जो काफी महंगा होता है। ऐसे में अब पर्यटन विकास निगम द्वारा स्वयं का रिसार्ट तैयार किया जा रहा है। पूर्व में पर्यटन विकास निगम द्वारा कूनो पालपुर जंगल सफारी का संचालन किया जाता है। यहां सिर्फ आठ कमरे मौजूद हैं। अब इसी से लगभग डेढ़ किमी के फासले पर नया रिसार्ट तैयार किया जाएगा। टेंडर के बाद इसको तैयार करने के लिए नौ माह की समय सीमा तय की गई है। इसमें कॉटेज भी लकड़ी के तैयार किए जाएंगे, ताकि मौसम का ज्यादा प्रभाव न पड़े। विनोद / 19 मार्च 26