- अयोध्या-भोपाल के गायकों ने देर रात तक दी प्रस्तुति, जमकर झूमे भक्त ब्यावरा(ईएमएस)l नगर में श्याम सुदामा मित्र मंडल की ओर से आयोजित छठा फाग महोत्सव बुधवार देर रात भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। अग्रवाल धर्मशाला में हुई इस भव्य भजन संध्या में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण श्याम भक्ति में सराबोर हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा खाटू श्याम जी की ज्योत प्रज्ज्वलित करने के साथ हुई। इस दौरान कई भक्तों ने बाबा की ज्योत जलाई और अपनी श्रद्धा व्यक्त की। भजन संध्या में अयोध्या के भजन गायक सचिन गुप्ता ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भजन संध्या में अयोध्या के भजन गायक सचिन गुप्ता ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। वही भोपाल की भजन गायिका प्रिया गुप्ता ने हारा हूं बाबा पर तेरा भरोसा है..! जैसे भजनों से समां बांधा, वहीं बीजलपुर के भजन गायक शिवम सोनी ने हारे का तू है सहारा सांवरे भजन गाया। इन कलाकारों की मधुर प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक मंत्रमुग्ध रखा। फाग महोत्सव के लिए बाबा खाटू श्याम का भव्य दरबार सजाया गया था। इसे उज्जैन और इंदौर से मंगाए गए फूलों से श्रीनाथजी के स्वरूप में आकर्षक रूप से सजाया गया था, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस भजन संध्या में लगभग 3000 लोग शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु रहीं और आयोजकों ने श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी कलाकारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पुष्प वर्षा भी की गई। -निखिल/ब्यावरा/19/3/2026