राष्ट्रीय
19-Mar-2026


-पूरे मेला क्षेत्र को 10 जोन और 21 सेक्टर में बांटा, सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही नजर मीरजापुर,(ईएमएस)। चैत्र नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी। दर्शनार्थी रात से मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन करने लाइन में लगे गए। भीड़ ज्यादा होने के कारण दर्शनार्थी अपनी बारी आने का इंतजार करते रहे। पुरानी वीआईपी गेट पर भी वीआईपी लोगों के दर्शन पूजन करने का सिलसिला जारी है। इस दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नव्य-भव्य विंध्य धाम में 27 मार्च तक चलने वाला नवरात्र मेला बुधवार रात से शुरू हो गया। श्रद्धालु 20 घंटे मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन कर सकेंगे। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मां विंध्यवासिनी, अष्टभुजा व काली खोह मंदिर के साथ ही मेला क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 10 जोन और 21 सेक्टर में बांटकर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा तीन एएसपी, 20 सीओ के अलावा 50 निरीक्षक, 250 उपनिरीक्षक, दो कंपनी पीएसी समेत कुल तीन हजार पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं बम निरोधक दस्ता, पुलिस डाग स्क्वायड, 190 एआई सीसीटीवी कैमरों के साथ ही आठ ड्रोन कैमरे से भी निगाह रखी जा रही है। दस स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ ही 21 जगहों पर वाहन पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। वाहन चालकों से मनमाना वसूली न हो इसके लिए पार्किंग स्थल पर रेट लिस्ट लगाने का निर्देश दिया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद 17 मार्च को विंध्याचल में प्रशासनिक व्यवस्था व सुरक्षा का जायजा लेते हुए इसके लिए निर्देशित किया था। सिराज/ईएमएस 19मार्च26