-कांग्रेस छोड़कर आए प्रद्युत बोरदोलोई को भी दिसपुर से मैदान में उतारा गुवाहाटी,(ईएमएस)। बीजेपी ने असम विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें 88 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा असम की जालुकबारी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि बीजेपी ने कांग्रेस छोड़कर आए प्रद्युत बोरदोलोई को भी टिकट दिया है। बीजेपी ने पहली लिस्ट में मंत्री रंजीत कुमार दास, अशोक सिंघल, अजंता निओग, चंद्र मोहन पटवारी, रानोज पेगु, संजय किशन, पीजूष हजारिका और बिमल बोरा का भी नाम शामिल किया है। वरिष्ठ मंत्री चंद्रमोहन पटवारी को तिहू से मैदान में उतारा है, जबकि राज्य की वित्त मंत्री अजंता नेओग अपनी पुरानी सीट गोलाघाट से चुनाव लड़ेंगी। मंत्री रंजीत कुमार दास को भवानीपुर-सोरभोग, पीजूष हजारिका को जागीरोड (अजा), अशोक सिंघल को ढेकियाजुली, रनोज पेगु को धेमाजी (अजजा), बिमल बोरा को तिंगखोंग और संजय किशन को माकुम विधानसभा सीट से टिकट दिया है। शहरी इलाकों की अहम सीटों पर बीजेपी ने दिसपुर से प्रद्युत बोरदोलोई, न्यू गुवाहाटी से दिप्लू रंजन सरमा और गुवाहाटी सेंट्रल से विजय कुमार गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। खास बात यह है कि बोरदोलोई बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस पार्टी से अपने लंबे समय के रिश्ते तोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। उन्होंने नगांव लोकसभा सीट से भी इस्तीफा दे दिया है। अन्य अहम सीटों में, पार्टी ने अपने गढ़ माने जाने वाले इलाकों जैसे डिब्रूगढ़, तिनसुकिया, डिगबोई, डूम डूमा और मार्घेरिटा में भी उम्मीदवार उतार दिए हैं। मार्घेरिटा से भास्कर सरमा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि डिब्रूगढ़ से प्रशांत फुकन और डिगबोई से सुरेन फुकन चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी ने मध्य और निचले असम की कई सीटों के लिए भी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा यकर दी है, जिनमें रंगिया, नलबाड़ी, बरहमपुर, समगुरी और नगांव शामिल हैं। बरहमपुर से पार्टी ने जीतू गोस्वामी को मैदान में उतारा है, जबकि नगांव-बटाद्रबा से रूपक सरमा चुनाव लड़ेंगे। आदिवासी और आरक्षित सीटों पर बीजेपी ने बोको-चायगांव (एसटी), तामुलपुर (एसटी), धेमाजी (एसटी), माजुली (एसटी), बोकाजान (एसटी) और दीफू (एसटी) जैसी सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। यह सूची बुधवार को जारी हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में फाइनल की गई, जिसकी अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने की। बैठक में पीएम मोदी और अमित शाह भी मौजूद थे। सिराज/ईएमएस 19मार्च26