क्षेत्रीय
19-Mar-2026
...


जिला मुख्यालय नरसिंहपुर में आयोजित हुआ सूर्य उपासना दिवस का कार्यक्रम नरसिंहपुर, (ईएमएस)। सृष्टि आरंभ दिवस, वर्ष प्रतिपदा, विक्रम संवत 2083 के शुभारंभ के अवसर पर सूर्य उपासना कार्यक्रम का आयोजन जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में गुरूवार को नरसिंह मंदिर परिसर में किया गया। यह कार्यक्रम संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शुभारंभ के अवसर पर भगवान सूर्य देव को अर्घ्य देकर उनकी उपासना तथा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे समूचा वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना रहा। कार्यक्रम में ऋतु रंगशाला नरसिंहपुर द्वारा सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित ‘वेताल पच्चीसी’ कथा का आकर्षक नाट्य मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित दर्शकों द्वारा अत्यंत सराहा गया। अतिथियों ने कलाकारों का शाल-श्रीफल देकर सम्मानित किया। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विक्रम संवत 2083 पर भारतीय संस्कृति, इतिहास एवं परंपरा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में आध्यात्मिकता एवं वैज्ञानिकता का समन्वय है, जो मानव जीवन को संतुलित बनाते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने बताया कि आज से विक्रम संवत का शुभारंभ होता है। चैत्र नवरात्रि के इस पावन अवसर पर माँ भगवती की आराधना के साथ प्रकृति में भी नवपरिवर्तन दृष्टिगोचर होता है। इस कालखंड में नई फसलों का आगमन, वृक्षों में नई पत्तियों का विकास तथा ग्रीष्म ऋतु का प्रारंभ जीवन में परिवर्तन एवं ऊर्जा के संचार का प्रतीक है। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सभी नागरिकों से आव्हान किया कि वे इस पावन अवसर पर अपने विचार, आचरण एवं जीवनशैली में शुद्धता एवं सकारात्मक विचारों को अपनाएं। साथ ही अपने हृदय में श्रेष्ठ गुणों का विकास कर व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन में चेतना एवं प्रगति का मार्ग प्रशस्त करें। पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल ने विक्रम संवत 2083 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भक्ति एवं साधना का पावन पर्व चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ के इस अवसर पर सभी को सुख, शांति एवं समृद्धि का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने खानपान एवं आचार-विचार को ऋतु एवं मौसम के अनुरूप अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन शैली का अनुसरण करें। श्री पटेल ने सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सभी नागरिकों से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर ने कहा कि आज का दिन चैत्र वर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ का अत्यंत पावन अवसर है। इस दिन हम माँ दुर्गा की भक्ति, श्रद्धा एवं आस्था के साथ आराधना करते हैं। उन्होंने बताया कि विक्रम संवत ऋतु परिवर्तन का प्रतीक है, जो प्रकृति में नवजीवन, नवोत्साह एवं नई ऊर्जा का संचार करता है। इस अवसर पर किसान नई फसलों की प्राप्ति के साथ अपने जीवन में सुख, समृद्धि एवं उन्नति की दिशा में नए अध्याय का शुभारंभ करते हैं। श्रीमती ठाकुर ने कहा कि नववर्ष हम सभी के लिए उत्साह, सुख-शांति एवं वैभव का संदेश लेकर आता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस पावन अवसर पर सकारात्मक सोच, नवचेतना और ऊर्जा के साथ अपने जीवन व समाज के विकास में योगदान दें। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर श्री नीरज दुबे ने विक्रम संवत 2083 की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, नवचेतना एवं आध्यात्मिक उन्नति की कामना की। उन्होंने कहा कि यह विक्रम संवत 2083 हम सभी के लिए नई ऊर्जा, उत्साह एवं सकारात्मकता का संदेश लेकर आया है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि भक्ति एवं सदाचार के मार्ग का अनुसरण करते हुए समाज व राष्ट्र के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाएं। कार्यक्रम को श्री रामसनेही पाठक व श्री सुनील कोठारी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, डिप्टी कलेक्टर सुश्री शानू चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन मप्र जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री जयनारायण शर्मा ने किया। मेरावी/ ईएमएस / 19 मार्च 2026