क्षेत्रीय
19-Mar-2026
...


- गले मिलकर मिठाई खिलाई, छोटो को मिली ईदी भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल में बोहरा समुदाय द्वारा 30 रोजे पूरे करने के बाद गुरुवार को ईद उल फित्र का त्यौहार खुशियों के साथ मनाया गया। शहर में अल सुबह दाऊदी बोहरा समुदाय द्वारा पुराने शहर में हैदरी मस्जिद अलीगंज,हुसैनी मस्जिद पीरगेट,बद्री मस्जिद सैफिया कॉलेज,अहमदी मस्जिद कब्रिस्तान,नजमी हाल नूरमहल,बुरहानी मस्जिद कारोंद और इंजीनियर मोहल्ला कोहेफिजा में ईद की विशेष नमाज अदा करने के लिये अलसुबह के से ही लोगों की आमद शुरु हो गई थी। समुदाय के लोगो ने ईद के त्यौहार का महत्व बताते हुए संदेश दिया कि हमें साल के 11 महीने इसी तरह इबादत,गरीबों की मदद करने के साथ ही आपसी भाईचारे के साथ मिलजुलकर रहते हुए गुजारने हैं,जिस तरह रमजान का महीना गुजारा है। ईद की नमाज अदा किये जाने के बाद सारी दुनिया के साथ ही देश और खास तौर से प्रदेश में अमनो आमान क़ायम रहने की दुआएं मांगी गई। नमाज अदा करने के बाद सभी लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद देते हुए मुंह मीठा कराया। गौरतलब है,कि बोहरा समुदाय चांद की तस्दीक की बजाए इस्लामी तारीख से रमजान की शुरुआत कर तीस रोजे पूरे कर ईद का त्यौहार मनाते हैं। त्यौहार के मौके पर पुराने शहर के अलीगंज इलाके के आसपास के क्षेत्रो में खासी रौनक बिखरी नजर आई। मीडिया इंचार्ज इब्राहिम अली ने बताया कि बोहरा समाज हमेशा से संयम और अनुशासन के लिए जाना जाता है। ईद का यह पर्व हमें धैर्य और त्याग की सीख देता है। इस अवसर पर समाज के युवाओं ने सामाजिक सौहार्द बढ़ाने के लिए अन्य समुदायों के लोगों से भी मुलाकात की। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए किए गए सहयोग के लिए समाज ने विशेष आभार व्यक्त किया। जुनेद / 19 मार्च