- महिला का पति जेल में है बंद, समधी ने समधन से किया था पति को तलाक देने पर शादी का वादा - फिर पैसै कमाने के लिये सिक्योरिटी एजेंसी के मालिक को झूठे केस में फंसाने का बनाया दबाव भोपाल(ईएमएस)। मिसरोद इलाके में समधन की शिकायत पर पुलिस ने उसके समधी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओ में मामला कायम किया है। पीड़ित समधन का आरोप है कि उसका पति जेल में था, उस समय उसके समधी ने उससे नजदीकियां बढ़ाते हुए पति को अपराधी बताते हुए झांसा दिया कि वह अपने पति को तलाक दे दे इसके बाद वह उससे शादी कर लेगा। जब समधन उसके झांसे में आ गई तब आरोपी ने उसका शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया। हाल ही में आरोपी ने महिला पर पैसे कमा कर लाने का दबाव डालना शुरु कर दिया। इतना ही नहीं उसने यह भी कहा की सुरक्षा एजेंसी के संचालक से झगड़ा कर उसे झूठे केस में फंसाओ और पैसे ऐंठो। उसकी हरकतों और प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने बीते दिन मामले की शिकायत पुलिस थाने में कर दी। शुरुआती जॉच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। - पत्नि की मौत के बाद समधी ने बढ़ाई नजदीकियॉ थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बागमुगालिया इलाके में रहने वाली 45 वर्षीय विवाहिता ने महिला शिकायत करते हुए बताया की वह प्राइवेट नौकरी करती है। उसके बेटे की शादी हो चुकी है, उसका पति पांच साल से जेल में है। इधर महिला के बेटे की सास का देहांत हो गया। इसके बाद उसके बेटे के ससुर मंजेश कुमार का उसके घर में आना-जाना बढ़ गया था। इसी दौरान समधी ने अपनी पत्नि की मौत और उसके पति के जेल में बंद होने की भावनात्मक बातें कर उससे उससे नजदीकियॉ बढ़ा ली। एक-दूसरे के काफी पास आने पर दोनों एक साथ घूमने लगे। इस दौरान समधी मंजेश ने उससे कहा कि मेरी पत्नी की मौत हो गई जबकि तुम्हारा अपराधिक प्रवृत्ति का पति जेल में है, और आगे भी जेल में ही रहेगा। अगर वह अपने पति को तलाक दे दे तो वह उससे शादी कर लेगा और दोनो नया जीवन शुरू कर सकते हैं। महिला अपने समधी की बातों में आ गई। इसके बाद जल्द शादी का वादा कर आरोपी ने जून 2025 से महिला का शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया। - पैसै के लिये डाला सुरक्षा एजेंसी संचालक के खिलाफ झूठी एफआईआर करने का दबाव बीते दिनो मंजेश कुमार ने महिला पर पैसे कमा कर लाने का दबाव डालना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि वह उसे अन्य लोगों से संबंध बनाकर पैसे कमाने का भी दबाव डालने लगा। लेकिन महिला उसकी इस बात का कड़ा विरोध कर ऐसा करने से इंकार कर दिया। तब आरोपी ने उससे कहा की वह एक सुरक्षा एजेंसी के संचालक से झगड़ा कर ले और फिर उसके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट की धाराओ के एफआईआर दर्ज कराये। बाद में राजीनामे के नाम पर उससे मोटी रकम ऐंठ लेंगे। समधी के कहने पर महिला ने सुरक्षा एजेंसी के संचालक से बिना कारण विवाद भी कर लिया। लेकिन उसका अजीब व्यवहार देख जब संचालक ने उससे बातचीत कर बिना कारण झगड़ा करने का कारण पूछा। तब पीड़िता ने समधी द्वारा शारीरिक शोषण करने समेत झगड़ा करने की सारी बात बता दी। इसके बाद पीड़िता थाने जा पहुचीं और शिकायत कर दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर समधी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है। जुनेद / 19 मार्च