क्षेत्रीय
19-Mar-2026
...


- माइलेज भत्ते में 25 प्रतिशत की वृद्धि जबलपुर, (ईएमएस)। सातवें वेतन आयोग लागू होने के बाद रेलवे कर्मचारियों के भत्तों में बढ़ोतरी कर दी गई थी, लेकिन करीब 60 हजार से अधिक रनिंग स्टाफ कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा था। इस मुद्दे को लेकर एनएफआईआर और वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ (डब्ल्यूसीआरएमएस) ने रेलवे बोर्ड, रेल मंत्रालय और वित्त विभाग के समक्ष अपनी बात रखी थी। साथ ही चेतावनी दी थी कि मांगें पूरी नहीं होने पर देशव्यापी हड़ताल की जाएगी। कर्मचारी संगठनों के दबाव और लगातार प्रयासों के बाद अब रेल प्रशासन ने इस मांग को मंजूरी दे दी है। डब्ल्यूसीआरएमएस के महासचिव अशोक शर्मा ने बताया कि 50 प्रतिशत डीए वृद्धि के साथ अब रनिंग स्टाफ के केएमए (माइलेज) भत्ते में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी सुनिश्चित कर दी गई है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड से औपचारिक आदेश आज देर शाम या कल तक जारी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2024 से कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) 50 प्रतिशत हो गया था। सातवें वेतन आयोग की शर्त के अनुसार डीए 50 प्रतिशत होने पर अन्य भत्तों में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जानी थी। हालांकि अन्य कर्मचारियों को यह लाभ मिल गया था, लेकिन रनिंग स्टाफ को इससे वंचित रखा गया था। इस निर्णय से अब 60 हजार से अधिक रनिंग स्टाफ कर्मचारियों को 1 जनवरी 2024 से 25 प्रतिशत बढ़ा हुआ माइलेज भत्ता मिलेगा। प्रत्येक कर्मचारी को लगभग 50 हजार से 2 लाख रुपये तक एरियर्स का भुगतान होगा। साथ ही प्रतिमाह 10 से 20 हजार रुपये तक वेतन में बढ़ोतरी बतौर भत्ता हो जाएगी। कर्मचारी संगठनों ने इसे लंबी लड़ाई के बाद मिली बड़ी सफलता बताया है। सुनील साहू / शहबाज / 19 मार्च 2026