- चैत्र नवरात्र में भरता है मेला, इस बार मेला 23 मार्च से 25 मार्च तक भरेगा - प्रशासन ने चैत्र नवरात्र में भरने वाले मेले को लेकर तैयारी पूरी कीं - दूर-दूर से आते हैं दर्शन करने आते हैं भक्त शिवपुरी (ईएमएस)। शिवपुरी के माधव टाइगर रिजर्व क्षेत्र में प्राचीन बलारी माता का मंदिर है। चैत्र नवरात्र में यहां पर हर साल मेरा भरता है। चैत्र नवरात्र में भरने वाले इस मेले में माता के दर्शन के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं। इस बार मेले का आयोजन 23 से 25 मार्च तक होगा। इस मेले को लेकर जिला प्रशासन आवश्यक तैयारियां में लगा है। इस मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, वन विभाग और पंचायत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित हो चुकी है। इस बैठक में मेले को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। दिन में तीन रूप बदलती है बलारी माता - शिवपुरी शहर से लगभग 19 किलोमीटर की दूरी पर मंदिर स्थित है। इस मंदिर की मूर्ति को ऐसी मान्यता है कि यह माता की रहस्यमय मूर्ति है। मान्यता है कि प्रतिमा धातु या पत्थर की नहीं बल्कि यह चलित कंकाल है जो सुबह दोपहर और रात को रूप बदलती है। सुबह के वक्त युवा, दोपहर में विवाहित और रात में वृद्ध महिला के रूप में माता दिखती हैं। यहां पर माता भक्तों की आस्था कई वर्षों से जुड़ी हुई है। यहां मध्य प्रदेश के अलावा राजस्थान एवं अन्य राज्यों से भी चैत्र नवरात्र में भरने वाले मेले में श्रद्धालु आते हैं। चैत्र नवरात्र में तीन दिन तक मेला भरता है। खासकर सप्तमी पर दूर-दूर से लोग आकर यहां माता के दर्शन करते हैं और नेजे चढ़ाते हैं। टाइगर रिजर्व में आने के कारण हर साल बनती है विवाद की स्थिति- माधव टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंदर आने के कारण यहां पर वन विभाग माता भक्तों के बीच हमेशा से विवाद की स्थिति बनती आई है। वर्ष 2023 में इस वन क्षेत्र में तीन टाइगर लाए गए। इन टाइगरों को लाए जाने के बाद वन विभाग ने तमाम पाबंदियां लगा दीं। दर्शन के लिए आने वाले भक्तों से यहां विवाद की स्थिति बनती रही। वन विभाग के कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों ने मंदिर के महंत को पिछले दिनों पीट दिया था। यह मामला तूल पकड़ा और लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। चुनाव के समय उठता है कॉरिडोर का मामला- इस क्षेत्र में विधानसभा और लोकसभा चुनाव जब होते हैं तब झांसी रोड से मंदिर तक कॉरिडोर बनाए जाने का मामला उठता है लेकिन अभी तक कॉरिडोर नहीं बनाया जा सका है। विधानसभा चुनाव 2023 के समय मोदी सरकार के केंद्रीय वन राज्य मंत्री के द्वारा यहां पर कॉरिडोर बनाए जाने की बात मीडिया के समक्ष की गई थी लेकिन आज तक यह वादा पूरा नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि झांसी रोड से मंदिर तक कॉरिडोर बन जाएगा तो भक्तों के आने-जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी। रंजीत गुप्ता, 19 मार्च, 2026