गिरिडीह(ईएमएस)।सरिया थाना क्षेत्र की परसिया पंचायत अंतर्गत बगड़ो गांव निवासी जागेश्वर ठाकुर (65) को झुंड से बिछड़े हाथी ने कुचलकर मार डाला।घटना गुरुवार सुबह की है।घटना के संबंध में बताया जाता है कि जागेश्वर ठाकुर गुरुवार की सुबह महुआ चुनने के लिए अपने घर के समीप जंगल में गया था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जंगल में मौजूद झुंड से बिछड़ा हाथी ने अचानक हमला कर दिया।इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण की भीड़ जुट गयी।घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। वन परिसर पदाधिकारी अंशु पांडेय ने बताया कि झुंड से बिछड़ा एक हाथी ने वृद्ध को कुचला है।हाथी अभी भी जंगल क्षेत्र में मौजूद है।उसे भगाने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने ग्रामीण जनता से अपील की है कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक वे जंगल की ओर न जायें और पूरी सावधानी बरतें। मृतक के परिजनों को आपदा राहत कोष से चार लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गयी।इसमें तत्काल 50 हजार रुपये परिजन को दी गयी। जबकि, शेष साढ़े तीन लाख रुपए कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिए जाने की बात कही। मुखिया गीता देवी, भोला मंडल, अशोक तुरी, प्रह्लाद सिंह, बबलू मंडल, पवन महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद थे।सरिया प्रखंड में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 10 वर्षों में हाथियों के हमले में 11 लोगों की मौतें हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हो चुके हैं।वहीं, सैकड़ों लोगों के फसलों को नुकसान पहुंचाया गया है।घरों को तोड़े जाने से लोगों को आर्थिक क्षति भी उठानी पड़ी है। इनमें उर्रो, निमाटांड़, धोवारी व गड़ैया के एक-एक, सखुआडीह, अंबाडीह व धवैया में दो-दो शामिल हैं।इसके अलावा बकराडीह गांव में जंगली सूअर के हमले से भी एक महिला की मौत हो चुकी है। हाथियों के उत्पात से ग्रामीण में भय का माहौल है और वन विभाग से ठोस पहल की मांग की जा रही है। इधर, वन विभाग लोगों को सावधान रहने की नसीहत दे रहा है। कर्मवीर सिंह/19मार्च/26