- श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर मंदिरों एवं देवालयों के पास चला विशेष सफाई अभियान कटनी (ईएमएस)। शहर में नवरात्रि एवं चेटीचंड पर्व के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन द्वारा गुरुवार प्रातः नगर में विशेष सफाई अभियान संचालित कर नगर के विभिन्न स्थलों सहित धार्मिक स्थलों के आसपास एवं समस्त पहुंच मार्गों में स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करने की कार्यवाही की गई।श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए मंदिरों, देवालयों एवं विभिन्न पंडालों के आसपास अतिरिक्त संसाधनों के साथ साफ-सफाई की व्यापक व्यवस्था की गई है। निगम प्रशासन द्वारा प्रमुख पूजा स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष सफाई दलों की तैनाती की गई है। इन स्थलों पर नियमित झाड़ू, कचरा संग्रहण एवं त्वरित उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की गंदगी या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके अलावा, कचरा संग्रहण वाहनों से कचरे का शीघ्र निष्पादन किया जा रहा है। इन स्थलों पर कराई गई विशेष सफाई श्रद्धालुओं द्वारा पूजा-अर्चना की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए शहर के विभिन्न देवी मंदिरों जैसे-जालपा मंदिर, झंडा बाजार देवी माता मंदिर, घंटाघर काली मंदिर, गाटर घाट रोड स्थित दुर्गा माता मंदिर, मरही माता मंदिर, शहीद द्वार के पास दुर्गा माता मंदिर, शीतला मंदिर पुराना जंगल दफ्तर के पास, बरगवां स्थित भूमि प्रकट शारदा मंदिर, विश्राम बाबा काली मंदिर, पाठक वार्ड स्थित बनखंडी शारदा मंदिर, लखेरा स्थित खेरमाई मंदिर, नालंदा स्कूल के पास दुर्गा माता मंदिर सहित शहर के विभिन्न वार्डों में स्थित देवी मंदिरों में नवरात्रि पर्व पर विशेष साफ सफाई एवं चूने की लाइनिंग का कार्य कराया गया। निगमायुक्त के निर्देशन में नियुक्त नोडल अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन प्रातः से ही नगर की सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते हुए साफ-सफाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया। निगम अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखें और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्व के दौरान शहर का वातावरण स्वच्छ, सुरक्षित एवं श्रद्धालुओं के अनुकूल बना रहे। ईएमएस /19/03/2026