राष्ट्रीय
19-Mar-2026
...


:: पिता समेत परिवार के 8 सदस्यों की मौत के बाद गहराया विवाद; शॉर्ट सर्किट नहीं, बिजली पोल पर धमाके का अंदेशा :: इंदौर (ईएमएस)। ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में हुए उस भयावह मंजर ने जहाँ कारोबारी मनोज पुगालिया के हँसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया, वहीं अब आग लगने की वजहों पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। इस भीषण अग्निकांड में अपने पिता, पत्नी और बच्चों समेत परिवार के आठ सदस्यों को खोने वाले सौरभ पुगालिया ने पुलिस की उस थ्योरी को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें ईवी चार्जिंग पॉइंट को आग का कारण बताया गया था। हादसे में जीवित बचे सौरभ ने रुँधे गले से मीडिया को बताया, हमारी कार उस रात चार्जिंग पर लगी ही नहीं थी। जब चार्जर कनेक्ट ही नहीं था, तो उस पॉइंट पर शॉर्ट सर्किट या विस्फोट कैसे संभव है? सौरभ ने इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो का हवाला देते हुए अंदेशा जताया कि घर के बाहर लगे बिजली के खंभे (पोल) पर हुए धमाके से गिरी चिंगारियों ने इस तबाही को जन्म दिया। उन्होंने घर में इलेक्ट्रॉनिक लॉक होने की खबरों को भी पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि ऐसी अफवाहें सच नहीं हैं। :: काश! समय पर मिल जाती मदद :: सौरभ ने बेहद भावुक होते हुए कहा कि यदि फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस समय पर पहुंच जाती, तो शायद आज उनके परिवार के आठ सदस्य जीवित होते। इस बीच, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पीड़ित सौरभ और उनके परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताते हुए विशेषज्ञों से विस्तृत जांच कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। :: सवाल जो जांच के घेरे में हैं :: क्या बिजली के पोल पर हुए धमाके से घर में आग फैली? पुलिस ईवी चार्जिंग को ही मुख्य कारण क्यों मान रही है? क्या दमकल और एम्बुलेंस की देरी ने बढ़ाई मृतकों की संख्या? प्रकाश/19 मार्च 2026