कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने अपना मेगा कैंपेन प्लान तैयार कर लिया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस बार चुनाव में भाजपा अपने शीर्ष नेताओं के जरिए बड़े पैमाने पर जनसंपर्क और शक्ति प्रदर्शन करने की रणनीति पर काम कर रही है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य में कुल 14 कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इन कार्यक्रमों में जनसभाएं और रोड शो शामिल होंगे, जिनके जरिए मतदाताओं तक संदेश पहुंचाने की कोशिश करेगी। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 8 कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिनमें रोड शो और जनसभाएं शामिल हैं। माना जा रहा है कि शाह का फोकस संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर रहेगा। इसके अलावा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीन नबीन प्रदेश भर में 7 जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा 6 जनसभाओं के जरिए पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का काम करेंगे। वहीं, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बंगाल में 8 कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके कार्यक्रमों में रोड शो और जनसभाएं शामिल होंगी। इसी तरह, फिल्म अभिनेता से नेता बने मिथुन चक्रवर्ती भी इस चुनावी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। वह राज्य में 10 चुनावी कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिनमें रोड शो और जनसभाएं शामिल हैं। सुबोध/१९-०३-२०२६