राज्य
19-Mar-2026


जबलपुर, (ईएमएस)। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत महापौर जगत बहादुर सिंह ’अन्नू’ के अगुवाई एवं स्थानीय विधायक अशोक ईश्वर दास रोहाणी, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के साथ क्षेत्रीय नागरिकों और अधिकारियों कर्मचारियों की उपस्थिति में नदी को पूरी तरह स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त करने का महा-अभियान शुरू हुआ। इस संबंध में महापौर ने बताया कि आगामी 3 महीनों के भीतर गौर नदी अपने पुराने स्वरूप में वापस लौटेगी। निगम प्रशासन ने इस सफाई अभियान के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार की है, नदी की सतह पर जमी जलकुंभी और गाद को आधुनिक मशीनों और श्रमदान के जरिए हटाया जा रहा है। नदी में गिरने वाले गंदे नालों को टैप करने या डाइवर्ट करने की योजना है ताकि पानी की शुद्धता बनी रहे। सफाई के साथ-साथ नदी के किनारों को संरक्षित करने और वहां पौधारोपण करने का भी लक्ष्य रखा गया है। इस संबंध में उन्होंने कहा कि यहॉं पर सौन्दर्यीकरण के कार्यो के साथ-साथ प्रकाश व्यवस्था आदि कार्य भी कराये जायेगें। महापौर श्री अन्नू ने कहा कि गौर नदी हमारी धरोहर है। प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जन सहयोग के साथ हम इसे 90 दिनों में निर्मल बनाने की दिशा में कार्य करेगें। यह अभियान जबलपुर की जल संरचनाओं को बचाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। गौर नदी के साफ होने से आस-पास के इलाकों का भू-जल स्तर बढ़ेगा। नदी के आस-पास की जैव-विविधता और जलीय जीवों को नया जीवन मिलेगा। घाटों की सफाई होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह स्थान फिर से आकर्षण का केंद्र बनेगा। यह पहल जबलपुर को “स्वच्छ और जल-समृद्ध शहर“ बनाने की दिशा में एक बड़ा संदेश है। महापौर ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि नागरिक नदी में कचरा न फेंकें और इस प्रयास को सफल बनाएं। सुनील साहू / शहबाज / 19 मार्च 2026/ 09.00