:: 139 दिनों तक प्रदेश के 55 जिलों में गंगा दशमी तक चलेगा अभियान, 2500 करोड़ की जल संरचनाओं का होगा कायाकल्प :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर इंदौर से राज्य स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय संस्कृति में जल की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि सृष्टि की उत्पत्ति जल से हुई है और इसके बिना जीवन की कल्पना असंभव है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन है, जिसका उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संचयन करना और जल स्रोतों को स्थायी बनाना है। इस वर्ष यह अभियान लगातार 139 दिनों तक चलेगा, जिसके तहत प्रदेशभर के सभी 55 जिलों में लगभग 2500 करोड़ रुपये की लागत से जल संरचनाओं का कायाकल्प किया जाएगा। अभियान के दौरान नए तालाबों के निर्माण, पुराने तालाबों के पुनर्जीवन, कुएं-बावड़ियों की मरम्मत और सूखी नदियों को पुनर्जीवित करने जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने इंदौर के बिलावली, लिम्बोदी और छोटा सिरपुर तालाब के जीर्णोद्धार सहित जल संरक्षण संबंधी लगभग 22 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन भी किया। :: विरासत से विकास का संकल्प :: डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत से विकास’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार परंपरा और आधुनिकता के संतुलन के साथ प्रदेश को समृद्ध और आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने मध्य प्रदेश को नदियों का मायका बताते हुए कहा कि यहाँ की 250 से अधिक नदियां अन्य राज्यों को भी समृद्ध करती हैं। उन्होंने नागरिकों से जल संरक्षण में भागीदारी की अपील करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अनिवार्य बताया। :: इंदौर फिर बनेगा नंबर वन :: जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जल है तो कल है का मंत्र देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सिंचाई और जल संरक्षण में नए आयाम स्थापित कर रहा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने विश्वास जताते हुए कहा कि स्वच्छता की तरह जल गंगा संवर्धन अभियान में भी इंदौर पूरे प्रदेश में नंबर वन रहेगा। उन्होंने बताया कि शहर के 27 तालाबों की चैनलों को खोलने और जल स्रोतों के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। :: धार्मिक व सुरक्षात्मक संदेश :: मुख्यमंत्री ने निपानिया तालाब में पवित्र नदियों का जल अर्पित किया और इस्कॉन मंदिर पहुंचकर गौ-पूजन किया। साथ ही, उन्होंने इंदौर की हालिया दुखद घटना का जिक्र करते हुए नागरिकों से आधुनिक जीवनशैली में सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की मार्मिक अपील भी की। :: ये रहे उपस्थित :: समारोह में सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, मालिनी गौड़, गोलू शुक्ला, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे। प्रकाश/19 मार्च 2026