जबलपुर, (ईएमएस)। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा संभागवार एवं वार्डवार वसूली अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिन करदाताओं के द्वारा बार-बार सूचना देने के बाद भी बकाया करों की राशि जमा नहीं की जा रही है, उन सभी करदाताओं के विरूद्ध कुर्की, नल कनेक्शन काटने, भूमि अधिग्रहण एवं दुकानों में तालाबंदी की कार्रवाई की जा रही है। कुर्क सम्पत्तियों को अवधि के उपरांत वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए नीलाम करने की कार्रवाई भी की जायेगी। निगमायुक्त ने बताया कि करदाताओं के पास दुगना अधिभार से बचने अब मात्र 12 दिन शेष बचे हुए हैं। उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल से करों की राशि दुगना कर दी जायेगी, और करों की वसूली सख्ती के साथ की जायेगी। इसी कड़ी में आज संभाग क्रमांक 2 कछपुरा के संभागीय अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड क्रमांक 17 में सम्पत्ति कर बकाया राशि 195250/- होने पर 9 दुकानों में तालाबंदी की कार्रवाई की गई। इसी प्रकार सभी संभागों में 55 बकायादारों के विरूद्ध कुर्की की कार्रवाई की गयी साथ ही 11 नल कनेक्शन भी काटे गए। कार्रवाई के दौरान सभी संभागीय अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, सहायक राजस्व निरीक्षक, करसंग्रहिता आदि उपस्थित रहे। 2500 वर्गफुट जमीन निगम ने कराई अतिक्रमण मुक्त... नगर निगम के अतिक्रमण निरोधी दस्ते ने लमती स्थित मानस चौक पर बड़ी कार्रवाई की। जनहित और सुगम यातायात को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम ने यहाँ लगभग 2500 वर्गफुट क्षेत्र को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है। निगमायुक्त के निर्देशन में टीम ने सुबह ही मानस चौक पहुँचकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की, लगभग 2500 वर्गफुट क्षेत्र, जिस पर लंबे समय से अवैध कब्जा था, उसे पूरी तरह साफ कर दिया गया है। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य मानस चौक और आस-पास के क्षेत्रों में यातायात के दबाव को कम करना और स्थानीय निवासियों के लिए आवागमन आसान बनाना है। क्षेत्रीय नागरिकों ने इस कार्रवाई की सराहना की है। स्थानीय लोगों का मानना है कि अतिक्रमण हटने से न केवल सड़कें चौड़ी दिखेंगी, बल्कि क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने स्पष्ट किया है कि शहर के व्यवस्थित विकास में बाधा बनने वाले किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। सुनील साहू / शहबाज / 19 मार्च 2026/ 09.00