इन्दौर (ईएमएस) अज्ञात बदमाशों ने ट्रैफिक नियंत्रण के लिए ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर चौराहा पर इंजीनियरिंग छात्रों द्वारा बनाए गए ट्रैफिक मित्र रोबोट में उद्घाटन से पहले तोड़फोड़ कर दी। मामले में हीरानगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार इमरान पिता लतीफ बैग निवासी पार्श्वकुंज कॉलोनी खजराना की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी पर सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। इमरान ने पुलिस को बताया कि हमारे कॉलेज कि ओर से ब्रिलियंट औरा चौराहा पर प्रोफेसर और छात्रों द्वारा निर्मित ट्रैफिक मित्र रोबोट 10 मार्च को नगर निगम ने स्थापित किया था और जल्दी ही इसका उद्घाटन भी होना था, लेकिन 13 मार्च को हमें पता चला कि हमारे बनाए रोबोट में अज्ञात तत्वों ने तोड़फोड़ कर नुकसान कर दिया है। इस कारण रोबोट का संचालन नहीं हो पा रहा है। मैंने और नगर निगम जोन 7 के उपयंत्री राकेश शर्मा ने मौके पर देखा कि रोबोट के हाथ व उसमें लगी डिसप्ले में तोड़फोड़ की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच और तोड़फोड़ करने वालों की तलाश शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 19 मार्च 2026