राज्य
20-Mar-2026


पुणे, (ईएमएस)। पुणे के एक संभ्रांत इलाके में हल्दी के पैकेट से गांजा बेचे जाने का मामला सामने आया है। इस गैर-कानूनी जानकारी पर बाणेर पुलिस ने जाल बिछाकर हल्दी के पैकेट से गांजा बेचने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई में 16किलो गांजा जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम अभिषेक भीका बोरसे और अक्षय भीका बोरसे हैं। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, बाणेर पुलिस को जानकारी मिली थी कि दो युवक गांजा बेचने के लिए बाइक पर बाणेर इलाके में आएंगे। इसके मुताबिक, पुलिस ने बाणेर इलाके में महानगरपालिका स्विमिंग पूल के पास जाल बिछाया और दोनों युवकों को रोककर पूछताछ शुरू की। तलाशी के दौरान उनके पास से एक बैग मिला जिसमें हल्दी के पैकेट थे। इन पैकेट की जांच करने पर पता चला कि उन पैकेट में गांजा छिपाकर रखा गया था। शुरुआत में पुलिस ने उनके पास से करीब तीन किलो गांजा जब्त किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पिंपरी-चिंचवड़ में अपने घर में गांजा रखने की बात कबूल की। बाद में पुलिस ने उस जगह पर छापा मारा और 13 किलो गांजा ज़ब्त किया। फ़िलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जतिन/संतोष झा- २० मार्च/२०२६/ईएमएस