बीजिंग,(ईएमएस)।चीन में घटती जनसंख्या की समस्या से निपटने के लिए अब अनोखे कदम उठाए जा रहे हैं। हाल ही में खबर सामने आई है कि कई चीनी विश्वविद्यालय छात्रों को पढ़ाई से थोड़ी राहत देकर “लव ब्रेक” यानी प्यार और रिश्तों को समय देने के लिए विशेष छुट्टियां दे रहे हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को सामाजिक जीवन और रिश्तों की ओर प्रोत्साहित करना है, ताकि वे परिवार और विवाह जैसे फैसलों की ओर आगे बढ़ें। रिपोर्ट्स के अनुसार, चीन में लगातार चौथे साल जनसंख्या में गिरावट दर्ज की गई है। इसी चिंता के चलते कुछ कॉलेजों ने यह पहल शुरू की है, जिसमें छात्रों को बाहर घूमने, नए लोगों से मिलने और अपने रिश्तों को समझने का मौका दिया जा रहा है। इस दौरान छात्रों को यात्रा करने, प्रकृति के करीब जाने और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक जुड़ाव को भी बेहतर बना सकता है। हालांकि, कुछ लोग इसे पढ़ाई से ध्यान भटकाने वाला निर्णय भी मान रहे हैं। फिर भी, सरकार और शैक्षणिक संस्थान इसे एक सकारात्मक प्रयोग के रूप में देख रहे हैं, जिससे भविष्य में जनसंख्या संतुलन पर असर पड़ सकता है। नंदिनी परसाई/ 20 मार्च 2026