तेहरान (ईएमएस)। अमेरिका-इजरायल के ईरान पर संयुक्त हमलों के बाद से ही जंग जारी है। शुक्रवार को इस युद्ध को 20 दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक जंग थमने के असर नहीं दिख रहे है। इस बीच ईरान के इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (आईआरआईबी) ने मोजतबा खामेनेई का रेयर वीडियो जारी किया है। इसमें मोजतबा एक धार्मिक शिक्षण सत्र के दौरान दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, यह फुटेज पुराना लग रहा है, क्योंकि सुप्रीम लीडर बनने के बाद से मोजतबा का कोई सार्वजनिक वीडियो सामने नहीं आया है। मोजतबा की सेहत और सार्वजनिक रूप से अनुपस्थिति को लेकर चल रही अटकलों के बीच, ईरानी सरकारी मीडिया लगातार वीडियो का सहारा ले रहा है। अभी भी ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा की स्थिति को लेकर दुनिया भर में असमंजस की स्थिति है। कभी अमेरिका-इजरायल के हमले में उनके मारे जाने का दावा हो रहा है, तब कभी उन्हें गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया हैं कि मोजतबा का इलाज जारी है। हालांकि, अब तक पुख्ता तौर पर कोई यह नहीं बता पाया है कि जंग के बीच मोजतबा किस हाल में हैं और कहां मौजूद हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सैन्य ताकत के कमजोर पड़ने के कई दावे किए हैं। ट्रंप ने कुछ दिन पहले ईरान को कागजी शेर भी कहा था। ट्रंप ने बताया कि ईरान की ओर से बैलिस्टिक मिसाइल हमलों में लगभग 90 प्रतिशत और ड्रोन हमलों में करीब 95 प्रतिशत की कमी आई है। आशीष दुबे / 20 मार्च 2026